गया से रांची तक यादगार रोड ट्रिप: कहीं जंगल, कहीं कोयले की खान तो कहीं दिखेगा मिनी लंदन
Gaya to Ranchi Road Trip: यह लेख गया से रांची तक के तीन यादगार रोड ट्रिप मार्गों का विवरण देता है, जिनमें जंगल, कोयले की खदानें और मैक्लुस्कीगंज जैसे ...और पढ़ें

गया जी से झारखंड की राजधानी रांची तक का सफर(AIफोटो)
HighLights
तीन अलग-अलग रूट से गया से रांची की यात्रा।
नेशनल हाईवे, कोयले की खदानें, मैक्लुस्कीगंज के रास्ते।
5-5.30 घंटे का सफर, प्रकृति और रोमांच से भरपूर।
जागरण संवाददाता, गयाजी। गया जी से झारखंड की राजधानी रांची तक का सफर सिर्फ एक शहर से दूसरे शहर तक पहुंचने का रास्ता नहीं, बल्कि प्रकृति और रोमांच से भरी शानदार रोड ट्रिप भी है।
अगर आप अपनी कार या बाइक से सफर करने का प्लान बना रहे हैं, तो तीन ऐसे रूट हैं जो यात्रा को यादगार बना सकते हैं।
कहीं घने जंगल मिलेंगे, कहीं पहाड़ों के खूबसूरत नजारे और कहीं कोयले की खदानें देखने को मिलेंगी।
इन रास्तों पर चलते हुए आपको अलग-अलग तरह का अनुभव मिलेगा।
कुछ मार्ग नेशनल हाईवे से जुड़े हैं, जहां सफर काफी स्मूद रहेगा, जबकि कुछ रास्तों पर हल्का जाम और घुमावदार सड़कें भी मिल सकती हैं। हालांकि हर रूट की अपनी अलग खूबसूरती है।
नेशनल हाईवे वाला रूट: पहाड़ों और जंगलों के बीच स्मूद सफर
पहला रास्ता गया-डोभी-बरही-हजारीबाग-रामगढ़ होते हुए रांची तक जाता है। इस रूट की कुल दूरी लगभग 225 किलोमीटर है।
यह नेशनल हाईवे वाला मार्ग है, इसलिए सड़क की स्थिति बेहतर रहती है और जाम की समस्या भी काफी कम देखने को मिलती है।
इस रास्ते में कई जगह टोल टैक्स देना पड़ सकता है, लेकिन सफर आरामदायक रहता है। जंगलों और पहाड़ियों के बीच से गुजरने वाला यह मार्ग यात्रियों को रोमांच का अलग अनुभव देता है।
लंबे सफर के दौरान कई ढाबे और आराम करने की जगहें भी आसानी से मिल जाती हैं।
चतरा-टंडवा रूट: सफर में दिखेंगी कोयले की खदानें और खूबसूरत वादियां
अगर आप थोड़ा छोटा रास्ता चुनना चाहते हैं, तो गया-डोभी-चतरा-टंडवा-ठाकूरगांव होते हुए रांची पहुंच सकते हैं।
इस मार्ग की दूरी करीब 210 किलोमीटर है। दूरी कम होने की वजह से ईंधन की बचत भी हो सकती है।
यह रास्ता भी जंगल और पहाड़ों के बीच से होकर गुजरता है। सफर के दौरान कुछ जगहों पर कोयले की खदानें देखने को मिलती हैं, जो यात्रियों के लिए अलग अनुभव बनाती हैं। हालांकि इस रूट पर कुछ इलाकों में जाम की समस्या देखने को मिल सकती है।
मैक्लुस्कीगंज वाला रास्ता: मिनी लंदन की झलक के साथ नेचर ट्रिप
तीसरा और सबसे खूबसूरत माना जाने वाला रास्ता गया-डोभी-चतरा-बालूमाथ-मैक्लुस्कीगंज-बिजुपाडा होते हुए रांची तक जाता है।
इसकी दूरी करीब 222 किलोमीटर है। यह मार्ग प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर माना जाता है।
इसी रास्ते में झारखंड का मशहूर मैक्लुस्कीगंज पड़ता है, जिसे मिनी लंदन भी कहा जाता है।
यहां की पुरानी अंग्रेजी शैली की इमारतें और शांत वातावरण यात्रियों को खास अनुभव देते हैं। इस रूट पर भी कुछ जगहों पर टोल टैक्स देना पड़ सकता है।
कितना लगेगा समय, टोल और किराया, यहां जानिए पूरी डिटेल
गया से रांची तक किसी भी रास्ते से सफर करने में लगभग 5 से 5.30 घंटे का समय लगता है। अगर आप कम दूरी वाला रूट चुनते हैं, तो थोड़ा ईंधन और समय दोनों बचा सकते हैं।
वहीं हाईवे वाला मार्ग ज्यादा आरामदायक माना जाता है।
अगर निजी बस से यात्रा करते हैं तो किराया करीब 400 से 500 रुपये तक पड़ता है।
वहीं ट्रेन से गया से रांची का सफर लगभग 250 रुपये में पूरा किया जा सकता है। लेकिन रोड ट्रिप का मजा लेना चाहते हैं, तो ये तीनों रास्ते अपने-अपने अंदाज में खास हैं।