पटना: प्रेमी से शादी की जिद में 150 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी लड़की, ड्रोन की मदद से पुलिस ने किया रेस्क्यू
नौबतपुर में एक किशोरी प्रेमी से शादी की जिद में 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई, जिससे हड़कंप मच गया। पुलिस ने ड्रोन की मदद से काउंसलिंग कर और प्रे ...और पढ़ें
HighLights
किशोरी प्रेमी से शादी की जिद में टावर पर चढ़ी।
पुलिस ने ड्रोन से मोबाइल पहुंचाकर काउंसलिंग की।
प्रेमी के समझाने पर किशोरी सुरक्षित नीचे उतरी।
संवाद सूत्र, नौबतपुर। सोमवार को नौबतपुर प्रखंड परिसर के समीप करीब तीन घंटे तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। प्रेमी से शादी कराने की जिद पर अड़ी एक किशोरी लगभग 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। किशोरी के नीचे उतरने से इनकार करने पर पुलिस-प्रशासन और स्थानीय लोगों की सांसें अटकी रहीं। घटना सुबह की है।
अचानक किशोरी टावर पर चढ़ गई और ऊपर से ही ऐलान कर दिया कि जब तक उसकी शादी उसके प्रेमी से नहीं कराई जाएगी, वह नीचे नहीं उतरेगी।
टावर के नीचे लगी भारी भीड़
जानकारी मिलते ही टावर के नीचे लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्वजन ने भी उसे बहुत समझाया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। सूचना मिलते ही नौबतपुर थाना प्रभारी मंजीत कुमार ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। किशोरी इतनी ऊंचाई पर थी कि सीधे बात करना मुश्किल था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ड्रोन के जरिए उसके पास मोबाइल फोन पहुंचाया ताकि उससे बात कर समझाया जा सके। साथ ही टावर के आसपास के इलाके को एहतियातन खाली करा दिया गया और नीचे गद्दे रखवाए गए।
किशोरी के प्रेमी को मौके पर बुलाया
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार करीब तीन घंटे तक किशोरी की काउंसलिंग की। अंत में पुलिस ने किशोरी के प्रेमी को मौके पर बुलाया। प्रेमी के आश्वासन और समझाने के बाद किशोरी धीरे-धीरे टावर से नीचे उतरी। नीचे आते ही कमजोरी और डर के कारण वह बेहोश होकर गिर पड़ी।
खबरें और भी
पुलिसकर्मियों ने तुरंत पानी के छींटे मारकर उसे होश में लाया। इसके बाद पुलिस दोनों को थाने ले गई। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि स्वजन शादी के लिए राजी नहीं थे, इसी कारण उसने यह कदम उठाया। थानाध्यक्ष ने कहा कि स्वजन को बुलाकर मामले में काउंसलिंग की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।