गोपालगंज में दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, केबिन में फंसी चालक की जिंदगी; दूसरा ड्राइवर ट्रक छोड़ भागा
गोपालगंज के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें एक ट्रक चालक अमरेश कुमार तिवारी की मौके पर ही मौत हो ...और पढ़ें

सदर अस्पताल में शव लेकर पहुंची पुलिस: जागरण
HighLights
गोपालगंज में दो ट्रकों की आमने-सामने भीषण टक्कर।
एक ट्रक चालक अमरेश कुमार तिवारी की मौके पर मौत।
दूसरा चालक दुर्घटनास्थल से फरार, पुलिस तलाश में।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। शंकरपुर गांव के समीप स्टेट हाईवे पर दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ट्रक का चालक दुर्घटनाग्रस्त वाहन छोड़कर फरार हो गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रक का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही बैकुंठपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक के शव को बाहर निकाला।
बालू लदे ट्रक से जा रहे थे अमरेश, तभी सामने से आई मौत
मृतक की पहचान सारण जिले के डोरीगंज थाना क्षेत्र के नूनी पाकड़ गांव निवासी अमरेश कुमार तिवारी के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि अमरेश कुमार तिवारी बालू लदा ट्रक लेकर सारण के डोरीगंज से पश्चिम चंपारण की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान शंकरपुर गांव के पास सामने से आ रहे दूसरे ट्रक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए।
केबिन में फंसे चालक को निकाला, अस्पताल भेजा गया शव
हादसे की जानकारी मिलने के बाद बैकुंठपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से पुलिस ने ट्रक के केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। हादसे की सूचना मृतक के स्वजन को भी दे दी गई है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
दूसरा चालक ट्रक छोड़कर फरार, पुलिस तलाश में जुटी
हादसे के बाद दूसरे ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया। वह अपना वाहन घटनास्थल पर ही छोड़ गया।
पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस अब दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।
थाना प्रभारी अंकित कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।