विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IGNOU के DPE शिक्षार्थियों को पेंडिंग कोर्स पूरा करने का मिलेगा एक और मौका

Published: Fri, 23 Oct 2026 08:33 PM (IST)

इग्नू ने डिप्लोमा इन प्राइमरी एजुकेशन (डीपीई) के उन शिक्षार्थियों को एक और मौका दिया है जो अपना कोर्स पूरा नहीं कर पाए थे।

इग्नू के डीपीई शिक्षार्थियों को लंबित कोर्स पूरा करने का मिलेगा एक और मौका

इग्नू के डीपीई शिक्षार्थियों को लंबित कोर्स पूरा करने का मिलेगा एक और मौका

HighLights

  1. इग्नू ने डीपीई शिक्षार्थियों को कोर्स पूरा करने का मौका दिया।

  2. लंबित सैद्धांतिक, प्रायोगिक परीक्षा और सत्रीय कार्य पूरे कर सकेंगे।

  3. पात्र शिक्षार्थी क्षेत्रीय केंद्र पटना से संपर्क कर सकते हैं।

जागरण संवाददाता, पटना। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने डिप्लोमा इन प्राइमरी एजुकेशन (डीपीई) कार्यक्रम अधूरा छोड़ चुके शिक्षार्थियों को अपनी पढ़ाई पूरी करने का एक और अवसर देने की पहल की है।

विभिन्न कारणों से निर्धारित अवधि में कार्यक्रम पूरा नहीं कर पाने वाले पात्र शिक्षार्थी अब लंबित शैक्षणिक कार्यों को पूरा कर सकेंगे। इसके तहत उन्हें सैद्धांतिक परीक्षा, प्रायोगिक परीक्षा, सत्रीय कार्य और कार्यक्रम के अन्य शेष घटकों को पूरा करने का अवसर दिया जाएगा।

इग्नू के विद्यार्थी मूल्यांकन प्रभाग की इस पहल का उद्देश्य उन शिक्षार्थियों को अपनी अधूरी शैक्षणिक योग्यता पूरी करने में सहायता देना है, जो पहले निर्धारित समय में कार्यक्रम की सभी आवश्यकताएं पूरी नहीं कर सके थे।

विश्वविद्यालय के सक्षम प्राधिकारी के निर्देशानुसार यह विशेष अवसर पात्रता और निर्धारित नियमों के अधीन मिलेगा।

क्षेत्रीय केंद्र को देनी होगी पूरी जानकारी

इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, पटना के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डा. ईकृष्णा राव ने डीपीई के संबंधित शिक्षार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि जो शिक्षार्थी किसी कारणवश अपना कार्यक्रम पूरा नहीं कर सके थे, वे अपने लंबित शैक्षणिक कार्य पूरे कर कार्यक्रम पूर्ण कर सकते हैं।

इसके लिए उन्हें अपना नाम, नामांकन संख्या, संपर्क विवरण और कार्यक्रम से संबंधित लंबित कार्यों की जानकारी क्षेत्रीय केंद्र, पटना को उपलब्ध करानी होगी। इससे उनके मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी।

विश्वविद्यालय मुख्यालय की ओर से जारी पत्र में संबंधित क्षेत्रीय केंद्रों को पात्र शिक्षार्थियों तक इस विशेष अवसर की जानकारी पहुंचाने का निर्देश दिया गया है।

साथ ही, शिक्षार्थियों से प्राप्त आवेदन और अनुरोधों को आवश्यक कार्रवाइ के लिए इग्नू मुख्यालय के विद्यार्थी मूल्यांकन प्रभाग को भेजना होगा।

इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, पटना के अंतर्गत आने वाले इच्छुक डीपीई शिक्षार्थी आवेदन प्रक्रिया और आगे के निर्देशों के लिए क्षेत्रीय केंद्र से संपर्क कर सकते हैं। यह अवसर विश्वविद्यालय की स्वीकृति, निर्धारित पात्रता और लागू नियमों के अनुसार ही प्रदान किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- नेवी में नौकरी के साथ जारी रखी पढ़ाई, कड़ी मेहनत से UPSC परीक्षा पास कर कानपुर के मयंक ने पूरा किया पिता का सपना

यह भी पढ़ें- IGNOU Recruitment 2026: इग्नू में प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर सहित कई पदों पर निकली भर्ती, 2 लाख से अधिक मिलेगी सैलरी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।