विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 28, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Lok Sabha Election: लालू यादव की RJD 26 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, पूर्णिया पर अभी भी सस्पेंस; कांग्रेस को क्या मिला?

Published: Thu, 28 Mar 2024 07:48 PM (IST)Updated: Thu, 28 Mar 2024 07:51 PM (IST)

राजद और कांग्रेस के बीच सीटों की संख्या पर सहमति बन गई है। कांग्रेस को नौ सीटें मिल सकती हैं। ...और पढ़ें

लालू यादव की RJD 26 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, पूर्णिया पर अभी भी सस्पेंस; कांग्रेस को क्या मिला?
लालू यादव की RJD 26 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, पूर्णिया पर अभी भी सस्पेंस; कांग्रेस को क्या मिला?

राज्य ब्यूरो, पटना। कड़े मोल तोल के साथ महागठबंधन के दलों के बीच सीटों के बंटवारे का विवाद सुलझता नजर आ रहा है। पांच सीटों पर वाम दलों का हिसाब पहले हो गया है। बची 35 सीटों का बंटवारा कांग्रेस और राजद के बीच होना है।

विकासशील इंसान पार्टी अगर महागठबंधन से जुड़ती है तो उसे राजद के हिस्से में से सीटें मिलेंगी। कांग्रेस और राजद के बीच तकरार वाली सीटों की संख्या भी कम हो गई है। कांग्रेस की जिद औरंगाबाद और पूर्णिया की सीटों को लेकर थी।

गुरुवार को औरंगाबाद में नामांकन का आखिरी दिन था। इसके साथ ही इस सीट से कांग्रेस का दावा भी समाप्त हो गया। राजद के अभय सिंह कुशवाहा इस सीट पर महागठबंधन के उम्मीदवार हैं।

पूर्णिया पर सस्पेंस बरकरार

पूर्णिया को लेकर तकरार है और यह कहना मुश्किल है कि राजद इसे कांग्रेस को सौंप देगा। पूर्णिया के बदले में राजद ने कांग्रेस को मधेपुरा और सुपौल में से किसी एक सीट का प्रस्ताव दिया है। उपयुक्त उम्मीदवार न रहने के कारण कांग्रेस की इन दोनों सीटों पर कोई रूचि नहीं है।

कांग्रेस को 9 सीटें, राजद के खाते में आएंगी 25

वह कोसी के बदले दूसरे क्षेत्र में एक सीट की मांग कर रही है। हालांकि, अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय करा चुके राजेश रंजन ऊर्फ पप्पू यादव पूर्णिया छोड़ने के लिए राजी नहीं हैं। मोटे तौर पर राजद और कांग्रेस के बीच सीटों की संख्या पर सहमति बन गई है। कांग्रेस को नौ सीटें मिल सकती हैं। बची 26 सीटें राजद के हिस्से आएंगी, जिनमें विकासशील इंसान पार्टी को भी अधिकतम तीन सीटें दी जा सकती हैं।

कांग्रेस के लिए प्रस्तावित सीटों में फिलहाल पूर्णिया शामिल नहीं है। हालांकि, कांग्रेस के लिए प्रस्तावित नौ सीटों के साथ राजद की शर्त भी है। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद चाह रहे हैं कि उन्हें झारखंड की पलामू और चतरा की सीट दिलाने में कांग्रेस सहयोग करे। कांग्रेस के लिए राहत की बात यह है कि राजद ने कटिहार से अपना दावा वापस ले लिया है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तारिक अनवर वहां से चुनाव लड़ेंगे। वह पांच बार कांग्रेस और एक बार एनसीपी के टिकट पर कटिहार से चुनाव जीत चुके हैं। राजद अपने राज्यसभा सदस्य अशफाक करीम के लिए कटिहार की मांग कर रहा था। भागलपुर का प्रस्ताव भी कांग्रेस के लिए अनुकूल है। हालांकि, इनमें पटना साहिब जैसी सीट भी है, जिस पर कांग्रेस की कभी जीत नहीं हुई है।

कांग्रेस के लिए प्रस्तावित लोकसभा क्षेत्र हैं- कटिहार, किशनगंज, पटना साहिब, सासाराम, बेतिया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, समस्तीपुर और सुपौल-मधेपुरा में से कोई एक।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद डा. अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि महागठबंधन के सहयोगी दलों के बीच सीटों का बंटवारा हो गया है। हम सभी 40 सीटों पर एकजुटता के साथ लड़ेंगे। महागठबंधन के सभी दलों के नेता शुक्रवार को संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में सीटों के बंटवारे की घोषणा करेंगे।

ये भी पढ़ें- Chirag Met Nitish: सम्राट को साथ लेकर अचानक नीतीश कुमार के घर क्यों पहुंच गए चिराग पासवान? सियासी अटकलें तेज

ये भी पढ़ें- NDA-महागठबंधन के साथ 'खेला' कर पाएगी BSP? इन चार सीटों पर उम्मीदवारों ने भर दिया पर्चा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।