कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल से बदलेगी बिहार की कनेक्टिविटी; कब पूरा होगा निर्माण? आ गया अपडेट
मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल निर्माण कार्य की समीक्षा की और रोजाना निगरानी के निर्देश दिए। परियोजना अंतिम चरण में है और जुलाई के ...और पढ़ें

पुल का निरीक्षण करते मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत।
HighLights
मुख्य सचिव ने पुल निर्माण की रोजाना निगरानी का निर्देश दिया।
परियोजना जुलाई के पहले सप्ताह तक पूरी होने का लक्ष्य।
पुल पटना-उत्तर बिहार कनेक्टिविटी को पूरी तरह बदलेगा।
राज्य ब्यूरो, पटना। कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल निर्माण कार्य की रोजाना माॅनीटरिंग होगी। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने शनिवार को इस परियोजना के निरीक्षण के बाद यह निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने मुख्य पुल के साथ-साथ दोनों तरफ बन रहे एप्रोच रोड सहित अन्य व्यवस्थाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की।
इस मौके पर पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल एवं बिहार राज्य सड़क विकास निगम लिमिटेड के अभियंता भी मौजूद थे।
परियोजना का कार्य अंतिम चरण में
मुख्य सचिव को यह जानकारी दी गई कि परियोजना का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। शेष कार्य को जुलाई के पहले सप्ताह तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है।
वर्तमान में पुल पर फिनिशिंग कार्यों के साथ-साथ एक्सपेंशन ज्वाइंट्स की स्ट्रेसिंग और अन्य तकनीकी कार्य चल रहे हैं।
मुख्य सचिव ने अभियंताओं को निर्देश दिए कि अंतिम चरण के कार्यों में कोई ढिलाई न बरती जाए।
वरीय अधिकारी इसकी मानीटरिंग करें। उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि सभी तकनीकी मानकों का पालन करते हुए कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करें ताकि आम जनता के लिए इस मार्ग को शीघ्र खोला जा सके।
यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है, जो राजधानी पटना और उत्तर बिहार के बीच कनेक्टिविटी को पूरी तरह से बदल देगी।
पटना-बख्तियारपुर बाईपास से जुड़ेगा पुल
करीब 5 हजार करोड़ की लागत वाला यह छह लेन पुल पटना के सबलपुर को एनएच-103 (बिदुपुर) से जोड़ता है, पटना-बख्तियारपुर बाईपास (एनएच-30) से सीधे जुड़ा होगा।
कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल परियोजना के पूर्ण होने से इस क्षेत्र के लोगों को राजधानी पटना से निर्बाध सड़क सम्पर्कता मिलेगी।