विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में खान सर कोचिंग पर अटैक से भड़के छात्र; हमले के विरोध में किया रोड जाम,

Published: Wed, 03 Jun 2026 09:20 AM (IST)

पटना में खान सर की कोचिंग पर देर रात फायरिंग और पत्थरबाजी की घटना के बाद छात्र आक्रोशित हो गए। ...और पढ़ें

HighLights

  1. खान सर की कोचिंग पर देर रात हमला।

  2. आक्रोशित छात्रों ने पटना में किया प्रदर्शन।

  3. पुलिस बल तैनात, खान सर ने की शांति अपील।

जागरण संवाददाता, पटना। कदमकुआं थाना क्षेत्र के मुस्सलहपुर किसान कोल्ड स्टोरेज लेन स्थित खान सर की कोचिंग पर मंगलवार देर रात फायरिंग और पत्‍थरबाजी की घटना से छात्र आक्रोश‍ित हो गए हैं। 

इस मामले में 15-20 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर की गई है। घटना के बाद क्‍लास स्‍थगित कर दी गई। बुधवार सुबह कोचिंग के बाहर बड़ी संख्‍या में छात्र जुट गए। 

छात्र काफी नाराज थे। सड़क पूरी तरह जाम हो गया। विधि व्‍यवस्‍था के मद्देनजर काफी संख्‍या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। 

खान सर ने छात्रों से की लौटने की अपील 

खान सर ने छत की बालकोनी से छात्रों से शांति‍ बनाए रखने की अपील की। उन्‍होंने छात्रों से घर लौटने को कहा। हालांकि छात्रों की नाराजगी दूर नहीं हुई। 

बड़ी संख्‍या में छात्र सड़क पर ही धरना पर बैठ गए। वे मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। बता दें कि मंगलवार रात खान सर के कोचिंग पर हमला किया गया। 

Khan Sir

(छात्रों से शांत‍ि बनाए रखने की अपील करते खान सर।)

कोचिंग में मारपीट की गई। सुरक्षाकर्मी घायल हो गया। रात करीब 11.30 बजे खान सर कोचिंग पहुंचे। उनके अनुसार कम फीस पर पढ़ाने के कारण उनके कोचिंग पर हमला किया गया।  

उन्‍होंने कहा कि ये कोचिंग वाले हैं। हमले के दौरान उन्‍होंने फायरिंग की बात भी कही। एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के अनुसार जो भी घटना में शामिल हैं उनपर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

बता दें कि घटना की सूचना मिलते ही कदमकुआं थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया।

कदमकुआं थानाध्यक्ष जन्मजेय कुमार ने बताया कि खान कोचिंग की ओर से लिखित शिकायत में कहा गया है कि दूसरे पक्ष द्वारा फायरिंग की गई है।

वहीं, दूसरी ओर ज्ञान बिंदु कोचिंग पक्ष ने भी खान क्लासेस के लोगों पर फायरिंग करने का जवाबी आरोप लगाया है। पुलिस दोनों पक्षों के दावों की बारीकी से जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- खान सर की कोचिंग के बाहर फायरिंग का सच: 2 संस्थानों के बीच टकराव, छात्रों की झड़प में फूटा गार्ड का सिर