विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खान सर विवाद में नया मोड़: फायरिंग पर पुल‍िस का आया बयान, एक कोचिंग संचालक को ह‍िरासत में लेने की चर्चा तेज

By Shubham KumarEdited By: vyas Chandra
Published: Wed, 03 Jun 2026 10:50 AM (IST)

पटना में खान सर के कोचिंग में तोड़फोड़ और मारपीट के बाद छात्रों में आक्रोश फैल गया, जिसके चलते भारी ...और पढ़ें

कोचिंग के बाहर लगी छात्रों की भीड़।

कोचिंग के बाहर लगी छात्रों की भीड़।

HighLights

  1. खान सर कोचिंग में तोड़फोड़, छात्रों में आक्रोश।

  2. एक कोचिंग संचालक की हिरासत की चर्चा।

  3. पुलिस ने फायरिंग की अफवाहों का खंडन किया।

जागरण संवाददाता, पटना। कदमकुआं थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर स्थित खान सर के कोचिंग में तोड़फोड़, मारपीट और फायरिंग के बाद बुधवार की सुबह छात्र काफी आक्रोशित हो गए। 

एक कोचिंग संस्थान के बाहर भारी संख्या में छात्र इकट्ठा हो गए। स्थिति को देखते हुए एहतियातन भारी पुलिस बल के साथ बिहार सैन्य पुलिस (बीसैप) के जवानों को भी मोर्चे पर उतारा गया है।

फिलहाल पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है। छात्राें को वहां से हटाया जा रहा है। 

Khan Sir 1

(शांत‍ि व्‍यवस्‍था के लिए पहुंचे बीसैप जवान।) 

कोचिंग के बाहर नारेबाजी 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह अचानक कोचिंग बंद कर दी गई, जिसके बाद कोचिंग के बाहर छात्रों की भारी भीड़ जमा हो गई।

गुस्साए छात्र वहां मौजूद ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। इस दौरान वहां पहुंचे कुछ टीवी चैनलों के प्रतिनिधियों के साथ भी छात्रों की तीखी बहस हुई, जिसके बाद उन्हें वहां से पीछे हटना पड़ा।

CCTV 1

(सीसीटीवी फुटेज में मारपीट की घटना।)

छात्रों ने खान सर की सुरक्षा की मांग की

हंगामा कर रहे छात्र पूर्व में एक बयान को लेकर भी काफी आक्रोशित नजर आए। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना था कि शिक्षकों को निशाना बनाया जा रहा है।

इसी बीच छात्रों ने शिक्षक खान सर की सुरक्षा की भी मांग की और उनके समर्थन में आवाज बुलंद की।

कोचिंग संचालक रौशन आनंद हिरासत में

हंगामे के बीच यह सूचना भी सामने आ रही है कि ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के संचालक रौशन आनंद को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी इस बात की पूरी तरह से पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन मौके पर मौजूद छात्रों के बीच इस बात को लेकर काफी चर्चा और आक्रोश है। 

फायरिंग की खबरों का पटना पुलिस ने क‍िया खंडन 

इस पूरे घटनाक्रम के बीच इलाके में हवाई फायरिंग होने की अफवाह भी उड़ने लगी, जिससे आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में डर का माहौल बन गया।

हालांकि, इस मामले में पटना पुलिस ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। पुलिस के अनुसार, इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की गई है, जिसमें फिलहाल किसी भी तरह की फायरिंग होने की पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

यह भी पढ़ें- पटना में खान सर कोचिंग पर अटैक से भड़के छात्र; हमले के विरोध में किया रोड जाम,