खेसारीलाल यादव को बेटे ने दिया सरप्राइज, नई बाइक की पूजा और मजेदार बातचीत का VIDEO वायरल
भोजपुरी अभिनेता खेसारीलाल यादव को उनके बेटे ऋषभ ने अपनी सोशल मीडिया कमाई से रॉयल एनफील्ड बुलेट गिफ्ट की है, जिसका भावुक वीडियो वायरल हो रहा है।
HighLights
बेटे ऋषभ ने खेसारीलाल को रॉयल एनफील्ड बुलेट गिफ्ट की।
ऋषभ ने बाइक अपनी सोशल मीडिया कमाई से खरीदी।
वीडियो में पिता-पुत्र की भावुक बॉन्डिंग दिखी।
डिजिटल डेस्क, पटना। भोजपुरी फिल्म अभिनेता खेसारीलाल यादव इन दिनों अपनी फिल्मों या गानों से नहीं, बल्कि बेटे ऋषभ के एक खास सरप्राइज की वजह से चर्चा में हैं।
सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ऋषभ अपने पिता को नई रॉयल एनफील्ड बुलेट गिफ्ट करता नजर आ रहा है।
यह वीडियो ऋषभ यादव ने फेसबुक पर साझा की है। सबसे खास बात यह है कि खेसारीलाल के मुताबिक यह बाइक उनके बेटे ने सोशल मीडिया से हुई अपनी कमाई से खरीदी है।

बाप-बेटे की बांडिंग दिखी वीडियो में
वीडियो में पिता-पुत्र की शानदार बॉन्डिंग लोगों का दिल जीत रही है। खेसारीलाल गर्व के साथ बताते हैं कि यह उनके बेटे की मेहनत की कमाई का तोहफा है।
इसके बाद वह बेटे को गले लगाते हैं और प्यार से उसका माथा चूमते हैं। यह पल सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है।

वैदिक मंत्रों के बीच हुई नई बुलेट की पूजा
वीडियो में बिहार की पारंपरिक संस्कृति की भी झलक देखने को मिलती है। नया वाहन घर आने पर पूरे विधि-विधान से उसकी पूजा कराई जाती है।

पंडित वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बुलेट की पूजा करवाते हैं। खेसारीलाल, उनकी पत्नी और बेटे ऋषभ ने मिलकर नारियल फोड़ा, लड्डू का भोग लगाया और नए वाहन का आशीर्वाद लिया।
बेटे से खेसारीलाल की मजेदार बातचीत
पूजा के बाद वीडियो में खेसारीलाल बेटे के साथ हल्के-फुल्के अंदाज में बातचीत करते दिखाई देते हैं। ऋषभ नई बुलेट पर बैठा होता है।
खेसारी हंसते हुए पूछते हैं, तुमसे तो यह बाइक बड़ी है, पैर भी नहीं पहुंच रहा... चलाओगे कैसे? इस पर ऋषभ मासूमियत से जवाब देता है, बस बैठकर स्टार्ट करेंगे और एक्सिलरेटर बजाएंगे।

खेसारी मुस्कुराते हुए कहते हैं, एक्सिलरेटर बजाया नहीं, घुमाया जाता है। इस पर ऋषभ तुरंत अपनी बात सुधार देता है।फिर खेसारी पूछते हैं, रोकेंगे कैसे?
बेटे का जवाब सुनकर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़ते हैं। ऋषभ कहता है, कूदकर रोकेंगे। इसके बाद वह बाइक की आवाज की तारीफ करते हुए कहता है, इसकी आवाज इतनी तेज है कि पूरी बिल्डिंग सुन लेगी।

'यह मेरे बेटे की कमाई का गिफ्ट है'
वीडियो में खेसारीलाल कहते हैं, यह ऋषभ की नई बाइक है। इसने अपनी कमाई से खरीदी है और मुझे गिफ्ट की है। आप सभी इसे अपना प्यार और आशीर्वाद दीजिए।

वीडियो के आखिर में ऋषभ अपने बड़े सपनों के बारे में भी बताता है। वह कहता है कि आगे चलकर उसे डिफेंडर, फॉर्च्यूनर और रोल्स-रॉयस जैसी लग्जरी गाड़ियां खरीदनी हैं।
यह सुनकर खेसारीलाल मुस्कुराते हुए कहते हैं, फिर मुझे भी छोटी गाड़ी नहीं, बड़ी वाली गिफ्ट करना। पिता और बेटे के बीच की यह सादगी, अपनापन और मजेदार बातचीत सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रही है।

भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव और उनके बेटे का वीडियो नीचे देखें
यह भी पढ़ें- आरा में भरत तिवारी के परिवार से मिले खेसारी लाल, मां से बोले- न्याय के लिए साथ खड़ा हूं
यह भी पढ़ें- भाजपा जॉइन करेंगे खेसारी लाल यादव? नितिन नवीन से मुलाकात के बाद लगे कयास तो आया जवाब
यह भी पढ़ें- 'ई कोनो आज भइल बा? NEET मामले में खेसारीलाल यादव का तंज; PM मोदी से अपील- अंबानी-अदाणी से यह कहिये
