Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'सब पागल हो गए हैं...'; सिंगापुर से लौटे लालू का सम्राट सरकार पर हमला, आवास खाली करने पर मीसा ने कही बड़ी बात

    Updated: Mon, 08 Jun 2026 09:17 AM (IST)

    बिहार सरकार द्वारा लालू प्रसाद, राबड़ी देवी और तेज प्रताप की सुरक्षा में कटौती तथा सरकारी आवास खाली करने के नोटिस पर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। सिंगा ...और पढ़ें

    सिंगापुर से लौटे लालू प्रसाद और नए आवास का जायजा लेतीं राबड़ी देवी। फाइल

    सिंगापुर से लौटे लालू प्रसाद और नए आवास का जायजा लेतीं राबड़ी देवी। फाइल

    HighLights

    1. लालू प्रसाद ने सुरक्षा कटौती पर सरकार को 'पागल' बताया।

    2. मीसा भारती ने आवास खाली करने की समय सीमा बताई।

    3. राजद कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा कटौती के विरोध में धरना दिया।

    डिजिटल डेस्क, पटना। आवास और सुरक्षा को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है। एक ओर राज्य सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद एवं तेज प्रताप की सुरक्षा में कटौती कर दी है।

    वहीं दूसरी ओर 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने का नोटिस भी सियासी विवाद का केंद्र बन गया है। राबड़ी आवास पर कार्यकर्ताओं का धरना भी जारी है। 

    इस बीच रविवार रात सिंगापुर से पटना लौटे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने सुरक्षा कम किए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी, जबकि उनकी बड़ी बेटी और सांसद डॉ. मीसा भारती ने सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाया।

    पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान लालू प्रसाद ने सम्राट चौधरी सरकार  द्वारा सुरक्षा में कटौती के सवाल पर कहा, "सब पागल हो गए हैं। घृणा करते हैं। हमें कोई फर्क नहीं पड़ता। जो करना है करे।"

    वहीं 10 सर्कुलर रोड आवास खाली करने के लिए 15 दिन का नोटिस दिए जाने के सवाल पर मीसा भारती ने कहा कि सरकार जितना समय दे रही है, उससे पहले ही परिवार आवास खाली कर देगा। उन्होंने कहा, "15 दिन से पहले हम लोग घर खाली कर देंगे।"

    सुरक्षा कटौती पर सरकार पर हमला

    मीसा भारती ने सुरक्षा में कमी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शायद बिहार सरकार को लालू प्रसाद और राबड़ी देवी के सुरक्षाकर्मियों की कहीं अधिक जरूरत थी, इसलिए उनकी सुरक्षा घटा दी गई।

    उन्होंने दावा किया कि लालू प्रसाद और राबड़ी देवी को अतिरिक्त सुरक्षा की आवश्यकता नहीं है क्योंकि वे जनता के दिलों में बसते हैं और जनता ही उनकी सुरक्षा करेगी।

    मीसा ने यह भी कहा कि उन्हें स्वयं तीन सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराए गए हैं, लेकिन वह स्वेच्छा से उन्हें वापस कर देंगी।

    राबड़ी आवास के बाहर जारी है विरोध

    उधर, राबड़ी आवास के बाहर सुरक्षा में कटौती के विरोध में राजद कार्यकर्ताओं का धरना लगातार जारी है। पार्टी इसे राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित कदम बता रही है।

    राजद नेताओं का आरोप है कि सरकार विपक्ष के शीर्ष नेताओं को निशाना बना रही है।

    नए आवास की तैयारी तेज

    इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने रविवार को अपने नए निजी आवास का निरीक्षण किया। इससे संकेत मिल रहे हैं कि लालू परिवार जल्द ही 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली कर सकता है।

    राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को केवल आवास परिवर्तन नहीं, बल्कि बिहार की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों और सत्ता-विपक्ष के बढ़ते टकराव के रूप में भी देखा जा रहा है।

    सुरक्षा कटौती, सरकारी आवास खाली कराने की प्रक्रिया और राजद के विरोध प्रदर्शन ने इस मुद्दे को अब पूरी तरह राजनीतिक रंग दे दिया है। आने वाले दिनों में यह विवाद बिहार की राजनीति में और गर्मी ला सकता है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- राबड़ी-तेजस्वी की सुरक्षा में उतरे RJD कार्यकर्ता; 24 घंटे पहरा देने के लिए बना विशेष रोस्टर

    यह भी पढ़ें- राबड़ी देवी ने सुरक्षा वापस नहीं की; तेज प्रताप यादव का बड़ा दावा, CM सम्राट चौधरी पर बरसे