Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बांकीपुर उपचुनाव से पहले सियासी बवाल, पटना के थाने में पुलिस अधिकारी और प्रशांत किशोर में तीखी नोकझोंक

    Updated: Thu, 30 Jul 2026 09:25 AM (GMT+05:30)

    बांकीपुर उपचुनाव से ठीक पहले जन सुराज के प्रशांत किशोर ने हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को लेकर पटना के जक्कनपुर थाने में पुलिस से तीखी नोकझोंक की। ...और पढ़ें

    HighLights

    1. प्रशांत किशोर ने कार्यकर्ताओं की हिरासत पर पुलिस से बहस की।

    2. उन्होंने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया।

    3. बांकीपुर उपचुनाव से पहले पटना में राजनीतिक तनाव बढ़ा।

    जागरण संवाददाता, पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के मतदान से ठीक एक दिन पहले बुधवार को राजधानी पटना में राजनीतिक माहौल अचानक गरमा गया।

    जन सुराज के कई कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में पार्टी के सूत्रधार एवं बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी प्रशांत किशोर (पीके) देर रात सीधे जक्कनपुर थाना पहुंच गए।

    उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक भी मौजूद थे। थाने में पुलिस अधिकारियों और प्रशांत किशोर के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।

    प्रशांत किशोर ने थाने में ही पुलिस अधिकारियों से दो टूक कहा कि जब तक हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं की स्थिति और उनके खिलाफ की गई कार्रवाई की स्पष्ट जानकारी नहीं दी जाएगी, तब तक वे थाना परिसर से नहीं हटेंगे।

    उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस बिना किसी स्पष्ट कारण के उनके कार्यकर्ताओं को उठा रही है और परिजनों व पार्टी नेताओं को इसकी सूचना भी नहीं दी जा रही है।

    पुलिस अधिकारी से हुई तीखी बहस

    थाने में मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने प्रशांत किशोर से कहा कि वे वहां से चले जाएं और किसी एक प्रतिनिधि का मोबाइल नंबर दे दें, पुलिस बाद में पूरी जानकारी उपलब्ध करा देगी।

    इस पर पीके ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'अच्छा... आप तो एहसान करेंगे। अंतिम समय तक वे आपके थाने में थे, इसलिए उनके बारे में बताना आपकी जिम्मेदारी है।'

    इसके बाद दोनों के बीच बहस और तेज हो गई। प्रशांत किशोर ने सवाल उठाते हुए कहा, 'क्या बिहार में पुलिस राज चल रहा है? आप मेरे लोगों को गायब किए हुए हैं। हम आपसे कानून के दायरे में रहकर बात कर रहे हैं।'

    जवाब में पुलिस अधिकारी ने कहा कि उनके समर्थकों ने चारों तरफ से घेर रखा है, क्या यही कानून का पालन है। उन्हें धमकी दी जा रही है।

    उन्होंने कहा, 'आप वर्दी में हैं, इसका मतलब यह नहीं कि हम आपके दबाव में आ जाएंगे।' जवाब में पुलिस अधिकारी ने कहा, वर्दी उतार दें क्‍या? पुलिस अधिकारी से इस दौरान समर्थकों की भी नोकझोंक हुई। 

    जन सुराज ने लगाया एकतरफा कार्रवाई का आरोप

    इससे पहले जन सुराज के निर्वाचन अभिकर्ता अजय द्विवेदी ने प्रेस वार्ता कर पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में जन सुराज के कार्यकर्ताओं के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की जा रही है।

    खबरें और भी

    उनके अनुसार, पटना में अपने परिजनों से मिलने या निजी कार्य से आए पार्टी कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया जा रहा है।

    उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि सभी गिरफ्तार या हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं की सूची सार्वजनिक की जाए और यह भी बताया जाए कि किन आरोपों में उन्हें पकड़ा गया है।

    इन कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने का दावा

    अजय द्विवेदी ने दावा किया कि प्रत्यूष को जक्कनपुर थाना पुलिस, वरुण कुमार को पीरबहोर थाना पुलिस, मोतिहारी निवासी अभय शर्मा को जक्कनपुर थाना पुलिस ने हिरासत में लिया है।

    वहीं विकास सिंह, अमीर इफ्तियाज, मनीष झा और सुदर्शन मिश्रा को एसटीएफ द्वारा उठाए जाने का भी आरोप लगाया गया।