दादी-नानी के स्वाद वाली सरसों के मसाले में डूबी बेसन की सब्जी, बनाने की आसान विधि; ऐसा देसी स्वाद कि रोटी कम पड़ जाए
यह लेख दादी-नानी के स्वाद वाली सरसों मसाला बेसन की सब्जी बनाने की विधि बताता है, जिसे पटना में अनीता शर्मा के घर में पसंद किया जाता है। इसमें बेसन तैय ...और पढ़ें

बेसन की सब्जी
HighLights
सरसों मसाला बेसन की सब्जी बनाने की विधि।
पटना की अनीता शर्मा की पसंदीदा रेसिपी।
बेसन और सरसों के मसाले का अनोखा स्वाद।
जागरण संवाददाता, पटना। अगर आप रोजमर्रा की सब्जियों से अलग कुछ पारंपरिक और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो सरसों मसाला वाली बेसन की सब्जी बेहतरीन विकल्प है। सरसों की तीखी खुशबू, मसालों का दमदार स्वाद और बेसन की मुलायम बनावट इस व्यंजन को खास बनाती है।
पटना सेंट्रल स्कूल के पास रहने वाली अनीता शर्मा बताती हैं कि यह उनके घर की पसंदीदा सब्जियों में से एक है, जिसे खास मौकों के साथ-साथ सामान्य दिनों में भी बनाया जाता है।
बेसन की सब्जी बनाने के लिए सामग्री
- 2 कप बेसन
- 2-3 बड़े चम्मच सरसों का तेल
- 2 प्याज (बारीक कटा हुआ)
- 2 टमाटर (बारीक कटे या प्यूरी)
- 2 बड़े चम्मच पीली सरसों (भिगोकर पीसी हुई)
- 1 छोटा चम्मच जीरा
- 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
- 2 हरी मिर्च (बारीक कटी)
- ½ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- नमक स्वादानुसार
- 2-3 कप पानी
- हरा धनिया सजाने के लिए
पहला चरण: बेसन तैयार करें
सबसे पहले बेसन में थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा और चिकना घोल तैयार करें। इसमें हल्दी, नमक, लाल मिर्च, बारीक कटी हरी मिर्च और थोड़ा हरा धनिया मिलाएं।
एक कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें और इस घोल को लगातार चलाते हुए पकाएं। जब मिश्रण गाढ़ा होकर कड़ाही छोड़ने लगे, तब इसे किसी प्लेट में फैलाकर ठंडा होने दें। ठंडा होने पर मनचाहे आकार में काट लें और हल्का सुनहरा होने तक तल लें।
दूसरा चरण: सरसों वाला मसाला तैयार करें
अब कड़ाही में थोड़ा सरसों का तेल गर्म करें। इसमें जीरा डालें और चटकने दें। फिर प्याज डालकर सुनहरा भूनें। इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर कुछ मिनट पकाएं।
अब हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालें। मसाले अच्छी तरह भुन जाएं तो टमाटर और पीसी हुई सरसों डालकर तब तक पकाएं, जब तक तेल अलग न होने लगे।
ऐसे तैयार करें स्वादिष्ट ग्रेवी
मसाला तैयार होने के बाद इसमें आवश्यकतानुसार पानी डालें और एक उबाल आने दें। अब तले हुए बेसन के टुकड़े ग्रेवी में डालें और 8–10 मिनट धीमी आंच पर पकाएं, ताकि बेसन में मसालों का स्वाद अच्छी तरह समा जाए। आखिर में ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालें।
खबरें और भी
परोसने का तरीका
गरमा-गरम सरसों मसाला वाली बेसन की सब्जी को सादे चावल, रोटी, पराठा या बाजरे की रोटी के साथ परोसें।
सरसों की हल्की तीखी खुशबू और देसी मसालों का स्वाद इस पारंपरिक व्यंजन को हर उम्र के लोगों की पसंद बना देता है।