'आगे पुलिस चेकिंग है' का डर दिखाकर ₹35 हजार और सामान उड़ाया, पंजाब से घर लौट रहे युवक से नौबतपुर में ठगी
नौबतपुर में पंजाब से घर लौट रहे युवक से 'पुलिस चेकिंग' का डर दिखाकर 35 हजार रुपये नकद और सामान ठग लिया गया। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के ...और पढ़ें

युवक से नौबतपुर में बड़ी ठगी
HighLights
पंजाब से लौट रहे युवक से नौबतपुर में ठगी।
'पुलिस चेकिंग' का डर दिखाकर 35 हजार रुपये लूटे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाला।
जागरण संवाददाता, नौबतपुर (पटना)। नौबतपुर में शातिर ठगों ने पंजाब से घर लौट रहे एक युवक को पुलिस चेकिंग का डर दिखाकर करीब 35 हजार रुपये नकद समेत सामान से भरा डब्बा ठग लिया और फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
दुल्हीनबाजार थाना क्षेत्र के सेल्हौरी गांव निवासी मंटू दास लुधियाना की एक निजी कंपनी में काम करते हैं। मंगलवार को वह पंजाब से घर लौट रहे थे। नौबतपुर में बस से उतरने के बाद वह दूसरी गाड़ी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। दोनों ने खुद को पालीगंज का रहने वाला बताकर मंटू को लिफ्ट देने की बात कही।
आगे पुलिस चेकिंग है का झांसा दिया
पीड़ित के अनुसार कुछ दूर जाने के बाद दोनों ने कहा कि 'आगे पुलिस चेकिंग है। बिना मुहर लगे सामान को आगे नहीं जाने दिया जाता।' इसके बाद ठगों ने अपना एक बैग मंटू को दिया और कहा कि इसमें 25 हजार रुपये और कीमती सामान है।
पहले हमारे डब्बे पर मुहर लगवा लाते हैं। भरोसे में आकर मंटू ने भी अपना सामान जिसमें 35 हजार रुपये नकद, कपड़े और अन्य जरूरी सामान था, उनको दे दिया।
'5 मिनट में आते हैं' कहकर चले गए
इसके बाद दोनों युवक '5 मिनट में आते हैं' कहकर चले गए। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर मंटू को शक हुआ। जब उन्होंने उनके द्वारा दिया गया बैग खोला तो उसमें सिर्फ फटे-पुराने कपड़े निकले। ठगी का एहसास होते ही मंटू तुरंत नौबतपुर थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
खबरें और भी
सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए। फुटेज में दोनों संदिग्ध बाइक सवार दिखे हैं, लेकिन चेहरा साफ नहीं आ सका है। पीड़ित के बयान के आधार पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।