पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सेटेलाइट टाउनशिप: 66 लाख लोगों को मिलेगा नया घर, साल 2047 तक का मास्टरप्लान तैयार
पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सेटेलाइट टाउनशिप 81,730 एकड़ में विकसित होगी, जिसमें 2047 तक 66.10 लाख लोग रह सकेंगे। यह आधुनिक, सुनियोजित और पर्यावरण अनुकूल शह ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
81,730 एकड़ में विकसित होगी पाटलिपुत्र टाउनशिप।
2047 तक 66.10 लाख लोगों की क्षमता।
आधुनिक, सुनियोजित और पर्यावरण अनुकूल शहर का निर्माण।
राज्य ब्यूरो, पटना। पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सेटेलाइट टाउनशिप लगभग 81,730 एकड़ (करीब 33,070 हेक्टेयर) क्षेत्र में विकसित होगी। टाउनशिप में भविष्य में 66.10 लाख लोगों के रहने की क्षमता होगी।
शुरुआती चरण में करीब 25 लाख लोगों की आबादी के अनुसार आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिन्हें बाद में आवश्यकता के अनुसार बढ़ाया जाएगा।
वर्तमान में टाउशिप के लिए चिह्ति विशेष क्षेत्र की आबादी 2.45 लाख, जबकि मकानों की कुल संख्या 52910 है। पाटलिपुत्र सेटेलाइट टाउनशिप के हाल ही में जारी मास्टर प्लान में इस बात की जानकारी दी गई है।
2047 को ध्यान में रखकर तैयार की गई योजना
नगर विकास एवं आवास विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सेटेलाइट टाउनशिप की विकास योजना वर्ष 2047 को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इसका उद्देश्य आधुनिक, सुनियोजित, पर्यावरण अनुकूल और आत्मनिर्भर शहर का निर्माण करना है।
योजना के तहत आवासीय, व्यावसायिक, औद्योगिक, संस्थागत, मनोरंजन और आधारभूत सुविधाओं के लिए अलग-अलग भूमि के प्रविधान किए गए हैं, ताकि संतुलित शहरी विकास सुनिश्चित हो सके।
हरित क्षेत्रों का संरक्षण, ब्लू-ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर
विभाग के अनुसार योजना में मिश्रित भूमि उपयोग, सार्वजनिक परिवहन आधारित विकास, हरित क्षेत्रों का संरक्षण, ब्लू-ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर, चरणबद्ध विकास और जलवायु के अनुकूल शहरी नियोजन पर विशेष जोर दिया गया है।
इसके साथ ही अनियोजित और बिखरे हुए निर्माण को रोकने की भी व्यवस्था की गई है। सरकार का मानना है कि टाउनशिप पूरी तरह विकसित होने के बाद यहां 66 लाख से अधिक लोग आधुनिक सुविधाओं के बीच रह सकेंगे।
विकास योजना की मुख्य बातें
कुल क्षेत्रफल: 81,730 एकड़ (करीब 33,070 हेक्टेयर)
अधिकतम आबादी क्षमता: 66.10 लाख लोग
प्रारंभिक आबादी: 25 लाख लोग
योजना घनत्व: 200 व्यक्ति प्रति हेक्टेयर
प्रारंभिक घनत्व: 75 व्यक्ति प्रति हेक्टेयर
कुछ इस प्रकार किया गया है जमीन का विभाजन
भूमि उपयोग विवरण
| श्रेणी | क्षेत्रफल (एकड़) | प्रतिशत (%) |
|---|---|---|
| आवासीय क्षेत्र | 28,723.95 | 35.18 |
| जल निकाय (तालाब, झील आदि) | 17,616.13 | 21.57 |
| परिवहन एवं संचार | 6,237.60 | 7.64 |
| ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी) क्षेत्र | 5,406.00 | 6.62 |
| मनोरंजन एवं खुले क्षेत्र | 4,774.86 | 5.85 |
| औद्योगिक क्षेत्र | 4,651.67 | 5.70 |
| शहरी कृषि | 3,606.00 | 4.42 |
| सार्वजनिक उपयोग (सरकारी संस्थान, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि) | 3,319.56 | 4.07 |
| वाणिज्यिक क्षेत्र | 3,246.03 | 3.98 |
| हरित पट्टी (ग्रीन बेल्ट) | 1,898.66 | 2.33 |
| नहर, जलधारा एवं नाले | 1,814.12 | 2.22 |
| सार्वजनिक उपयोगिताएं (बिजली, पानी, सीवरेज आदि) | 359.54 | 0.44 |
| कुल क्षेत्रफल | 81,654.12 | 100.00 |