यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 13, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बिहार में कोहरे का कहर: पटना से दिल्ली की फ्लाइट हुई रद्द, तो कई ने देरी से भरी उड़ान; इन ट्रेनों की रफ्तार पर भी लगी ब्रेक
घने कोहरे के कारण ट्रेन और हवाई विमानों की लेटलतीफी बरकरार है। पटना एयरपोर्ट पर शनिवार को 11 बजे के बाद विमानों का परिचालन शुरू हुआ। इस वजह से सुबह 10 ...और पढ़ें

HighLights
- पटना से दिल्ली की फ्लाइट रद्द, 11 बजे के बाद शुरू हुआ परिचालन।
- राजधानी एक्सप्रेस 17 एवं संपूर्ण क्रांति 16 घंटा विलंबित।
जागरण संवाददाता, पटना। उत्तरी भारत में पड़ रही कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को बेहाल है। घने कोहरे के कारण विमानों की लेटलतीफी बरकरार है। पटना एयरपोर्ट पर शनिवार को 11 बजे के बाद विमानों का परिचालन शुरू हुआ। इस वजह से सुबह 10:10 बजे दिल्ली से आने वाली फ्लाइट रद्द कर दी गई।
वहीं, इंडिगो की हैदराबाद और काेलकाता की फ्लाइट के बारे में रात तक कोई जानकारी नहीं दी गई। आधा दर्जन विमान देर से पटना पहुंचे। हालांकि, किसी विमान के डायवर्ट किए जाने की सूचना नहीं है।
पटना से उड़ान भरने वाली फ्लाइट्स का हाल
मिली जानकारी के मुताबिक, विस्तारा की दिल्ली-पटना फ्लाइट (यूके717) एक घंटा 50 मिनट, स्पाइसजेट की दिल्ली-पटना (एसजी8721) एक घंटा 54 मिनट, इंडिगो की लखनऊ-पटना (6ई6902) 58 मिनट, इंडिगो की चंदीगढ़-पटना (6ई6394) एक घंटा 27 मिनट, इंडिगो की बेंगलुरु-पटना (6ई6277) 40 मिनट एवं इंडिगो की दिल्ली-पटना (6ई2214) एक घंटा विलंब से पहुंचीं। दोपहर बाद कुछ फ्लाइटें निर्धारित समय से पहले ही आ गई थीं। पटना से पहले फ्लाइट ने दिल्ली के लिए दोपहर 12:39 बजे उड़ान भरी।
घने कोहरे के चलते ट्रेनों का हाल भी बेहाल
घने कोहरे का असर ट्रेनों पर भी व्यापक रूप से देखा जा रहा है। शनिवार को राजधानी एक्सप्रेस 17 घंटा, संपूर्ण क्रांति 16 घंटा, मगध 16 घंटा, विक्रमशिला 15 घंटा, नार्थईस्ट 6 घंटा, कुर्ला-पाटलिपुत्र 6 घंटा विलंब से चल रही है। सीमांचल पांच घंटा, पूणे-पटना दो घंटा, संघमित्रा दो घंटा सहित कई ट्रेन काफी विलंब से चल रही है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रेनों के विलंब से चलने का मुख्य कारण है उत्तर भारत में कोहरे का भीषण प्रभाव है। इस तरह की स्थिति आगे भी बने रहने की उम्मीद है।
क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक ?
मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानियों के अनुसार शनिवार को राज्य के सात शहरों में कोल्ड डे रहा। खासकर पटना, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली एवं गोपालगंज में कोल्ड डे रिकॉर्ड किया गया।
अगले तीन दिनों तक ठंड का कहर जारी रहने की उम्मीद की जा रही है। उसके बाद ही मौसम में सुधार हो सकता है। शनिवार को राज्य में अधिकतम तापमान फारबिसगंज में 22.2 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान बांका में 4.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।