पटना एयरपोर्ट के आसपास मांस-मछली की दुकानों पर बढ़ेगी सख्ती, खुले में बिक्री पर होगी कड़ी कार्रवाई
पटना प्रमंडल आयुक्त ने जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित एयर ट्रैफिक सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने खुले में मां ...और पढ़ें

एईएमसी की बैठक। फोटो जागरण
HighLights
सुरक्षित एयर ट्रैफिक सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता।
खुले में मांस-मछली की दुकानों पर सख्ती से कार्रवाई होगी।
कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण और अतिक्रमण हटाने के निर्देश।
जागरण संवाददाता, पटना। पटना प्रमंडल के आयुक्त एवं विमानपत्तन पर्यावरण प्रबंधन समिति (एईएमसी) के अध्यक्ष मयंक वरवड़े ने कहा कि सुरक्षित एयर ट्रैफिक सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित सभी विभागों और एजेंसियों को बेहतर समन्वय के साथ पर्यावरण प्रबंधन के वैश्विक मानकों के अनुरूप पटना एयरपोर्ट का संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मंगलवार को जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आयोजित एईएमसी की बैठक में उन्होंने एयरपोर्ट सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की। आयुक्त ने सक्षम प्राधिकार से विधिवत अनुमोदन प्राप्त कर कैट-। लाईट के लगाने, डाप्लर वेरी हाई फ्रिक्वेंसी ओम्नि डायरेक्शनल रेंज (डीवीओआर) के कमिशनिंग कार्य में सुगमता एवं आप्टिकल लैंडिग सिस्टम (ओएलएस) सर्वे के अनुसार पेड़ों की छंटाई के लिए नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में आयुक्त ने एयरपोर्ट के आसपास खुले में मांस-मछली की दुकानों पर सख्ती बरतने और कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को नियमित रूप से नोटिस चस्पा कराने, वाल पेंटिंग के माध्यम से लोगों को जागरूक करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि खुले में मांस-मछली की बिक्री और कूड़े के ढेर पक्षियों को आकर्षित करते हैं, जिससे बर्ड हिट की घटनाओं का खतरा बढ़ता है और विमान संचालन प्रभावित हो सकता है।
आयुक्त ने कहा कि यात्रियों और विमानों की सुरक्षा के लिए एयरपोर्ट के निर्धारित क्षेत्र में पक्षियों के आकर्षण के सभी स्रोतों को कम करना आवश्यक है। उन्होंने एयरक्राफ्ट रूल्स, 1937 के प्रावधानों के तहत निर्धारित त्रिज्या क्षेत्र में दुकानों का संचालन मानक प्रक्रिया के अनुसार कराने तथा साफ-सफाई और कूड़ा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
खबरें और भी
बैठक में पूर्व में गठित संयुक्त टीम की कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि फुलवारीशरीफ, दानापुर और नूतन राजधानी अंचल में कई स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया है तथा खुले में मांस-मछली की दुकानों को नियंत्रित करने के लिए नियमित अभियान चलाया जा रहा है।
आयुक्त ने टीम को लगातार सक्रिय रहने और सुरक्षा संबंधी कार्रवाई में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतने का निर्देश दिया। बैठक में एयरपोर्ट विस्तार परियोजना से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा हुई।
नगर विकास एवं आवास विभाग को एयरपोर्ट के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, ड्रेनेज व्यवस्था मजबूत करने तथा पटना नगर निगम को एयरपोर्ट परिसर से आवारा कुत्तों को नियंत्रित करने के लिए नियमित अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में निदेशक, नागर विमानन विभाग सीपी द्विवेदी ने पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से एयरपोर्ट सुरक्षा, विस्तार कार्यों और यातायात प्रबंधन की जानकारी दी। आयुक्त ने पथ निर्माण विभाग, नगर निगम, वन एवं पर्यावरण विभाग, पुलिस, यातायात, बुडको, जैविक उद्यान, विद्युत विभाग सहित सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से सुरक्षा और जनसुविधा से जुड़े कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में नगर आयुक्त यशपाल मीणा, नागर विमानन विभाग, भारतीय वायुसेना, सीआइएसएफ, वन विभाग, संजय गांधी जैविक उद्यान, दानापुर रेल मंडल तथा विभिन्न नगर निकायों के अधिकारी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- बिहार शिक्षक भर्ती TRE-4 का रास्ता साफ, 25 जुलाई की डेडलाइन तय; एजुकेशन मिनिस्टर ने दिया अपडेट