Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पटना अटल पथ पर तेज रफ्तार कार का कहर, ऑटो को रौंदा; दुबई जा रहे तीन यात्रियों समेत पांच घायल

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 08:33 PM (IST)

    पटना के अटल पथ पर एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने डिवाइडर से टकराने के बाद ऑटो को रौंद दिया, जिससे ऑटो चालक सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ...और पढ़ें

    दुर्घटना के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार

    दुर्घटना के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार

    HighLights

    1. तेज रफ्तार कार ने अटल पथ पर ऑटो को रौंदा।

    2. ऑटो चालक समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए।

    3. घायलों में दुबई जाने वाले तीन यात्री भी शामिल।

    जागरण संवाददाता, पटना। अटल पथ पर गुरुवार देर शाम तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने पहले डिवाइडर में जोरदार टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे खड़े ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में ऑटो चालक समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया।

    दुबई की फ्लाइट पकड़ने जा रहे थे यात्री

    घायलों में सिवान निवासी खुर्शीद आलम, गोपालगंज के अरमान और उनके साथी राजा शामिल हैं। तीनों पटना एयरपोर्ट से दुबई जाने के लिए निकले थे। हादसे में खुर्शीद का पैर टूट गया, जबकि अरमान और राजा को भी गंभीर चोटें आई हैं।

    पंचर बदल रहा था ऑटो चालक

    ऑटो चालक ने बताया कि टायर पंचर होने के कारण वह सड़क किनारे ऑटो खड़ा कर पहिया बदल रहा था।

    यात्रियों को लेकर एयरपोर्ट रवाना होने की तैयारी ही कर रहा था कि तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर सीधे ऑटो पर चढ़ गई।

    20 मिनट तक जाम, लोगों ने बचाई जान

    हादसे के बाद अटल पथ पर अफरा-तफरी मच गई और करीब 20 मिनट तक यातायात बाधित रहा।

    स्थानीय लोगों ने ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकालकर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

    पुलिस ने शुरू की चालक की तलाश

    डायल-112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

    उसकी पहचान के लिए अटल पथ के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

    तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार अत्यधिक तेज गति से चल रही थी, जिसके कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।