पटना में जेपी गंगा पथ पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई बाइक, 2 दोस्तों की गई जान
पटना के जेपी गंगा पथ पर बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई, जिससे दो दोस्त मोहम्मद सुहैल और मुकेश कुमार सहनी की मौत हो गई। ...और पढ़ें
-1784851081100_m.webp)
मृतक मोहम्मद सुहैल और मुकेश कुमार की फाइल फोटो।
HighLights
जेपी गंगा पथ पर देर रात बाइक दुर्घटना।
दो दोस्त मोहम्मद सुहैल, मुकेश सहनी की मौत।
स्थानीय लोगों ने स्पीडोमीटर, सीसीटीवी की मांग की।
जागरण संवाददाता, पटना सिटी। सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के जेपी गंगा पथ पर लॉ कॉलेज घाट के समीप बुधवार की देर रात करीब डेढ़ बजे तेज रफ्तार वाहन से बचने में अनियंत्रित होकर एक बाइक डिवाइडर से जा टकराई।
बाइक सवार दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस दोनों युवकों को पीएमसीएच ले गयी, जहां उपचार के दौरान दोनों दोस्त की मौत हो गई।
पोस्टमार्टम कराने के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। दोनों मृतकों के घर में मातम पसरा रहा। सुल्तानगंज थानाध्यक्ष कमलेश राज ने गुरुवार को बताया कि युवकों की पहचान आलमगंज अग्रवाल टोला निवासी मोहम्मद नेहाल के 24 वर्षीय पुत्र मोहम्मद सुहैल और रामनाथ सहनी के 22 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार सहनी के रूप में हुई है। दोनों दोस्त थे।
सुहैल फर्नीचर और गद्दा का काम करता था। मुकेश भी उसी काम से जुड़ा था। पुलिस ने बताया कि सुहैल बाइक चला रहा था और मुकेश पीछे बैठा था।
बुधवार की रात करीब डेढ़ बजे आलमगंज स्थित घर से दोनों जेपी गंगा पथ के रास्ते गांधी मैदान की ओर किसी काम से जा रहे थे। तेज रफ्तार बाइक अज्ञात वाहन से बचने के दौरान अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
टक्कर के बाद दोनों युवक काफी दूर जा गिरे। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों युवकों को पीएमसीएच लेकर पहुंची जहां मौत हो गयी। स्वजन ने बताया कि मुकेश का अंतिम संस्कार गुलबी घाट पर कर दिया गया है। सुहैल का अंतिम संस्कार शुक्रवार को शक्का टोली स्थित कब्रिस्तान में होगा। उसके परिवार के सदस्यों के पहुंचने का इंतजार है।
कंगन घाट से लेकर गांधी मैदान तक जेपी गंगा पथ पर स्पीडोमीटर व कैमरा लगाने की मांग
दुर्घटना में दो युवकों की एक साथ हुई मौत से आहत लोगों ने जेपी गंगा पथ पर वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए स्पीडोमीटर और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की।
खबरें और भी
पुलिस कर्मियों ने बताया कि कंगनघाट से लेकर गांधी मैदान के बीच जेपी गंगा पथ पर एक भी स्पीडोमीटर नहीं लगा है। सीसीटीवी कैमरा भी नहीं है।
दुर्घटना और अपराध की घटना होने के बाद जांच में समस्या होती है। चलती गाड़ी पर सवार लोगों से बदमाश मोबाइल व पर्स झपट कर तेज रफ्तार बाइक से भाग निकलता है।
यह भी पढ़ें- दरभंगा में सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई बुलेट, सेना के जवान सहित 3 की मौत