बिहार में जमीन के नाम पर 1 करोड़ की ठगी, आरोपी बिल्डर पटना से गिरफ्तार
पटना पुलिस ने जमीन दिलाने के नाम पर पांच लोगों से एक करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने वाले बिल्डर भूषण कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी पटना ग्रीन ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
बिल्डर भूषण कुमार सिंह पटना में गिरफ्तार।
पांच लोगों से एक करोड़ से अधिक की ठगी।
बिहटा में जमीन दिलाने का दिया था झांसा।
जागरण संवाददाता, पटना। श्रीकृष्णापुरी थाना पुलिस ने जमीन दिलाने का झांसा देकर पांच लोगों से एक करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने वाले आरोपित बिल्डर भूषण कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है।
आरोपित मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले का निवासी है और पटना ग्रीन हाउसिंग लिमिटेड नामक फर्म का निदेशक है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपित को एएन पथ इलाके से गिरफ्तार किया।
मामले की जांच में सामने आया है कि बिल्डर ने बिहटा और आसपास के अन्य प्रमुख इलाकों में जमीन का टुकड़ा दिलाने का झांसा देकर महज तीन महीनों के भीतर पांच अलग-अलग लोगों से एक करोड़ रुपये से अधिक की रकम ऐंठ ली।
तय समय बीत जाने के बाद भी जब खरीदारों को न तो जमीन का कब्जा मिला और न ही उनके पैसे वापस लौटाए गए, तब पीड़ितों ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
एग्रीमेंट के बाद भी नहीं हुई रजिस्ट्री
पीड़ितों में भोजपुर की रहने वाली कांति कुमारी भी शामिल हैं, जो वर्तमान में राजाबाजार इलाके में रहती हैं। उन्होंने आरोपित के साथ बिहटा में 1200 स्क्वायर फीट जमीन के लिए बाकायदा एग्रीमेंट किया था और इसके एवज में 20.75 लाख रुपये का भुगतान किया था।
महिला का आरोप है कि पैसे लेने के बाद बिल्डर ने जमीन की रजिस्ट्री नहीं की। जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपित ने उनके साथ गाली-गलौज की। पीड़िता के बयान के आधार पर एक जून को श्रीकृष्णापुरी थाने में मामला दर्ज किया गया था।
कांति कुमारी की शिकायत के बाद चंदन कुमार सिंह, मदन सिंह, सुजाता कुमारी और उदयंत सिंह ने भी श्रीकृष्णापुरी थाने में बिल्डर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
इन सभी का आरोप है कि पटना ग्रीन हाउसिंग लिमिटेड के जरिए उन्हें जमीन दिलाने के नाम पर भारी-भरकम राशि की चपत लगाई गई है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपित बिल्डर से पूछताछ कर रही है और उसके अन्य प्रोजेक्ट्स व वित्तीय लेन-देन की गहनता से जांच में जुटी है।