बस में बच्चे हैं, हमें छोड़ दो... अचानक घिर गए 58 यात्री, बाहर भीड़ और अंदर दहशत; फिर धू-धू कर जली बस
पटना में छोटी पहाड़ी पर हुए सड़क हादसे के बाद उग्र भीड़ ने एक बस में आग लगा दी और पुलिस चेक पोस्ट पर भी तोड़फोड़ की। यात्रियों को जान बचाकर भागना पड़ा ...और पढ़ें

आग लगते ही जीरो माइल पर मची अफरातफरी
HighLights
छोटी पहाड़ी पर हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
उग्र भीड़ ने बस में आग लगाई, यात्रियों का सामान जलकर राख हुआ।
पुलिस चेक पोस्ट पर तोड़फोड़ और आगजनी भी की गई।
जागरण संवाददाता, पटना। छोटी पहाड़ी पर हुए सड़क हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। बस में सवार करीब 58 यात्रियों को हादसे की गंभीरता की जानकारी तक नहीं थी। कुछ यात्री स्लीपर में सो रहे थे तो कुछ खिड़की से बाहर देख रहे थे। उन्हें लगा कि बस जाम में फंसी है।
इसी दौरान 40 से 50 लोगों की उग्र भीड़ बस की ओर दौड़ पड़ी और उसे चारों तरफ से घेर लिया। बस में महिलाएं और छोटे बच्चे भी थे। भीड़ का आक्रोश देख यात्रियों में दहशत फैल गई और वे किसी तरह बस से बाहर निकलने लगे।
‘बस में बच्चे हैं, सामान तो निकालने दीजिए’
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीड़ में कुछ लोग बस में तोड़फोड़ करने लगे और उसे आग लगाने की धमकी देने लगे। अंदर मौजूद यात्री घबराकर भीड़ से उन्हें सुरक्षित बाहर निकलने देने की गुहार लगाने लगे।
यात्रियों ने कहा कि बस में महिलाएं और छोटे बच्चे हैं, उन्हें बाहर निकलने दिया जाए। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि डिक्की में रखा सामान निकालने का मौका दिया जाए। डर के कारण यात्री अपना सामान छोड़कर बस से बाहर निकल गए।
खबरें और भी
जान बचाकर निकले यात्री, आंखों के सामने जला सामान
यात्रियों के बाहर निकलने के बाद बस में आग लगा दी गई। देखते ही देखते बस धू-धूकर जलने लगी। यात्रियों का सामान बस के अंदर ही छूट गया और कपड़े, जरूरी दस्तावेज समेत अन्य सामान आग की चपेट में आ गया।
बस से बाहर निकले यात्री कुछ दूरी से अपना सामान जलता देखते रहे। औरंगाबाद की सुनैना तथा बिहटा निवासी ओम प्रकाश और उनकी पत्नी आरती समेत अन्य यात्रियों ने पुलिस को बताया कि भीड़ में कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट भी की।
आग लगते ही जीरो माइल पर मची अफरातफरी
बस में आग लगने के बाद इलाके में धुआं फैल गया और वाहनों के टायर फटने की आवाज से अफरातफरी मच गई। जीरो माइल के आसपास दुकानदारों और राहगीरों में भी दहशत फैल गई।
रास्ते में खड़ी कार, आटो और बाइक को छोड़कर लोग सुरक्षित स्थान की ओर चले गए। कुछ देर के लिए पूरे इलाके में तनाव और भय का माहौल बना रहा।
पुलिस चेक पोस्ट तक पहुंचा भीड़ का आक्रोश
भीड़ का आक्रोश बस तक ही सीमित नहीं रहा। कुछ दूरी पर स्थित ट्रैफिक चेक पोस्ट और पुलिस चौकी को भी निशाना बनाया गया। मौके पर मौजूद एएसआइ एनएन सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मियों को अपनी सुरक्षा के लिए वहां से हटना पड़ा।
उग्र लोगों ने चेक पोस्ट में तोड़फोड़ और आगजनी की। पुलिसकर्मियों के बैग, वर्दी, मोबाइल और अन्य सामान भी ले जाने की बात सामने आई है। जाम में फंसे कुछ यात्रियों के साथ भी लूटपाट की शिकायत मिली है।
सड़क हादसे के बाद बिगड़े हालात की जांच
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हादसे के बाद भीड़ के उग्र होने, बस में आगजनी और चेक पोस्ट पर हुई तोड़फोड़ के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। यात्रियों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी घटना के बारे में पूछताछ की जा रही है।