देह व्यापार का विरोध करने पर कारोबारी का अपहरण: पटना जंक्शन से घसीटते ले गए बदमाश, 1 आरोपी गिरफ्तार
पटना जंक्शन से एक कारोबारी बंटी का अपहरण कर लिया गया, जिसने अपनी कॉलोनी में देह व्यापार का विरोध किया था। पुलिस ने एक आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर एसआईट ...और पढ़ें
-1783444747334_m.webp)
अपहरण का सीसीटीवी फुटेज और कारोबारी की फाइल फोटो
HighLights
पटना जंक्शन से कारोबारी बंटी का अपहरण हुआ।
देह व्यापार का विरोध करने पर मिली थी धमकी।
एक आरोपी रोहित गिरफ्तार, एसआईटी गठित की गई।
जागरण संवाददाता, पटना। कॉलोनी में देह व्यापार के धंधे का विरोध करने पर कारोबारी को पहले धमकी दी और फिर पटना जंक्शन परिसर से अपहरण कर लिया। 30 वर्षीय कारोबारी बंटी को छह से सात आरोपित स्टेशन परिसर से घसीटते, मारते-पीटते स्कार्पियो से लेकर फरार हो गए।
बंटी जक्कनपुरा थाना क्षेत्र के न्यू करबिगहिया कब्रिस्तान के पास के रहने वाले हैं। उनका किराना दुकान, बैंड-बाजा का कारोबार है। इसके साथ ही स्टेशन पर उनकी कई फास्टफूड की दुकानें हैं।
स्वजन ने बताया कि बंटी की मां हाईकोर्ट में काम करती हैं। घटना की जानकारी तब हुई जब देर रात वह नहीं आया और मोबाइल भी बंद बताने लगा। स्वजन ने खोजबीन शुरू कि तो स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि कुछ लोग मारते-पीटते स्कार्पियो में बिठा बंटी को उठा ले गए।
स्वजन ने सीसीटीवी देखा तो उसमें एक रोहित नाम के लड़के की पहचान हुई, जिसके बाद मोहल्ले के लोग रोहित के घर पर पहुंचे तो वह छत से छलांग लगाकर भागने का प्रयास किया।
लोगों ने खदेड़ कर उसे पकड़ लिया और पिटाई कर दी। बाद में उसे कोतवाली थाना लाया गया। पुलिस ने पूछताछ कर आरोपित की निशानदेही पर छापेमारी कर रही है।
हालांकि, देर रात खबर लिखे जाने तक बंटी की बरामदगी नहीं हो सकी थी। स्वजन के बयान पर थाने में कच्ची दरगाह के रहने वाले आटो चालक रोहित और पटना जंक्शन के पास रहने वाले रवीश कुमार सहित अन्य अज्ञात पर केस किया गया है।
मामले में एक एसआइटी गठित कर दी गई है। पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित रोहित ने बताया कि उसे स्कार्पियो से ले जाया गया है। कहां ले जाया गया, यह जानकारी नहीं है। देर रात तक पुलिस की छापेमारी जारी थी।
खबरें और भी
देह व्यापार का विरोध करने पर मिली थी धमकी
स्वजन ने बताया कि मोहल्ले में रवीश देह व्यापार करवाता है। कई किन्नर भी उसके साथ हैं। कई बार स्थानीय लोगों ने पुलिस से शिकायत की, बावजूद अबतक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसके बाद बंटी ने रवीश को धंधा बंद करने के लिए कहा और इसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। 15 दिन पहले पुलिस की मौजूदगी में बैठक हुई थी।
उस वक्त रवीश ने बंटी से कहा था कि तुम पुलिस को सूचना देते हो। तुम्हें छोड़ेंगे नहीं। उस वक्त डायल 112 की टीम रवीश को अपने साथ ले गई थी।
घर फोन कर कहा था- दूध-दही खरीदते हुए आ रहे हैं
देर रात को दुकान बंद करने के बाद बंटी ने अपने घर में फोन किया। कहा कि पटना जंक्शन के पास से दही और दूध खरीदते हुए आएंगे। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि आठ दस लड़के अचानक आए और पीछे से बंटी का कालर पकड़ उसे पीटने लगे।
बदमाश उसे पीटते हुए कहीं ले जा रहे हैं। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। आरोपितों की पहचान इसी फुटेज से पुलिस ने की है।
देह व्यापार के कारण मोहल्ले की कई युवतियों की शादियां टूट गईं
स्थानीय लोगों ने जक्कनपुर थाने की पुलिस पर आरोप लगाया कि मोहल्ले व करबिगहिया के आसपास अनैतिक कार्य की जानकारी होते हुए भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। देह व्यापार को लेकर पूरे मोहल्ले में धंधेबाज खुलेआम घूमते हैं।
सुबह से रात तक पूरे मोहल्ले में देह व्यापर में लिप्त युवक-युवतियों का आना-जाना लगा रहता है। इसके बाद भी पुलिस कुछ नहीं करती है। इसके कारण मोहल्ले की कई युवतियों की शादियां टूट गईं हैं। लड़के वाले आते हैं तो बहू-बेटियों पर ही गंभीर आरोप लगाकर शादी तोड़ देते हैं।