खान सर ने फायरिंग के दावे से खींचे कदम पीछे, ज्ञान बिंदु के निदेशक रोशन आनंद समेत तीन गिरफ्तार
पटना के चर्चित कोचिंग विवाद में ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रोशन आनंद समेत तीन लोग गिरफ्तार हुए हैं। यह विवाद एक पोस्टर को लेकर शुरू हुआ था, जिसमें ख ...और पढ़ें

फायरिंग से मुकर गए खान सर
HighLights
ज्ञान बिंदु निदेशक रोशन आनंद समेत तीन गिरफ्तार।
खान सर ने फायरिंग के दावे से कदम खींचे।
पोस्टर विवाद से शुरू हुई हिंसा, पुलिस जांच जारी।
जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी के चर्चित कोचिंग विवाद में बुधवार को नया मोड़ आ गया। मंगलवार देर रात खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर के बाहर हुई मारपीट, तोड़फोड़ और हंगामे के मामले में पटना पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रोशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, घटना के बाद फायरिंग का दावा करने वाले खान सर अगले ही दिन अपने बयान से पीछे हट गए।
गार्ड पर हमला, सीसीटीवी में कैद हुई मारपीट
मंगलवार देर रात कुछ लोगों ने खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर पर हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से तोड़फोड़ की। इस दौरान कोचिंग के सुरक्षा गार्ड की जमकर पिटाई की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग गार्ड को घसीटते और पोस्टर-बैनर फाड़ते दिखाई दे रहे हैं। घायल गार्ड का इलाज पीएमसीएच में चल रहा है।
पोस्टर से शुरू हुआ विवाद, गिरफ्तारी तक पहुंची बात
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद की शुरुआत एक पोस्टर को लेकर हुई।
हाल ही में बिहार पुलिस भर्ती में सफल अभ्यर्थियों के सम्मान समारोह के लिए खान ग्लोबल स्टडीज की ओर से एक बड़ा पोस्टर लगाया गया था।
आरोप है कि पोस्टर ज्ञान बिंदु कोचिंग के बोर्ड के ऊपर आ गया था।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रोशन आनंद, अभिषेक और गौरव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
12 घंटे में बदला बयान, फायरिंग से मुकर गए खान सर
घटना के तुरंत बाद खान सर ने दावा किया था कि मौके पर आठ से दस राउंड फायरिंग हुई है।
हालांकि बुधवार सुबह उन्होंने अपने बयान में बदलाव करते हुए कहा कि घटना के समय माहौल इतना तनावपूर्ण था कि उन्हें सही स्थिति का अंदाजा नहीं हो सका।
पटना पुलिस ने भी स्पष्ट किया है कि अब तक की जांच और सीसीटीवी फुटेज में फायरिंग का कोई प्रमाण नहीं मिला है।
खान सर की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी में भी गोलीबारी का जिक्र नहीं है।
रोशन आनंद बोले- मुझे फंसाने की साजिश
कोर्ट में पेशी के दौरान ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रोशन आनंद ने खुद को निर्दोष बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर इस मामले में फंसाया जा रहा है।
रोशन आनंद का कहना है कि उनके संस्थान को बदनाम करने और छात्रों के बीच गलत संदेश देने के लिए पूरी घटना को साजिश के तहत पेश किया गया। उन्होंने फायरिंग की बात को भी पूरी तरह खारिज किया।
छात्रों का प्रदर्शन, सड़क पर बैठकर की नारेबाजी
घटना के अगले दिन बड़ी संख्या में छात्र खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर के बाहर जुट गए।
सेंटर बंद रहने के कारण छात्र सड़क पर बैठ गए और आरोपितों के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
स्थिति को बिगड़ता देख खान सर खुद छात्रों के बीच पहुंचे और सभी से शांत रहने तथा घर लौटने की अपील की।
इसके बाद धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हुई, हालांकि इलाके में लंबे समय तक जाम की समस्या बनी रही।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि यह दो कोचिंग संस्थानों से जुड़े लोगों के बीच हुआ विवाद है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने साफ किया है कि फायरिंग की बात अफवाह साबित हुई है, जबकि मारपीट और तोड़फोड़ की घटना की पुष्टि हुई है।
यह भी पढ़ें- कौन हैं खान सर? कभी 40 रुपये की कमाई करने वाले शिक्षक ने कैसे खड़ा किया करोड़ों का साम्राज्य
यह भी पढ़ें- खान सर कोचिंग विवाद में घिरे रौशन आनंद: 4 छात्रों से शुरू किया था पढ़ाना, आज पूरे बिहार में पहचान