Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मिली और खो भी गई…; पटना की 16 साल की छात्रा का डबल मिस्ट्री केस, आख‍िर क्‍या है 9-11 का कनेक्‍शन

    Updated: Fri, 24 Apr 2026 09:41 AM (IST)

    मसौढ़ी, पटना की एक 16 वर्षीय छात्रा दो बार रहस्यमय तरीके से लापता हो गई है। पहली बार तारेगना स्टेशन पर मिली, फिर तीन दिन बाद जरूरी दस्तावेजों और मोबाइ ...और पढ़ें

    पटना की लड़की चार दिनों में दो बार लापता। प्रतीकात्‍मक फोटो

    पटना की लड़की चार दिनों में दो बार लापता। प्रतीकात्‍मक फोटो

    संवाद सहयोगी, मसौढ़ी (पटना)। शहर की एक 16 वर्षीय इंटर की छात्रा के रहस्यमय ढंग से दो बार गायब होने की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

    पहली बार गायब होने के बाद वह अगले ही दिन तारेगना रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध हालात में मिली, लेकिन महज तीन दिनों बाद वह फिर से घर से लापता हो गई। इस बार अपने जरूरी दस्तावेज और मोबाइल के साथ।

    कैसे शुरू हुई पूरी कहानी?

    8 अप्रैल की सुबह छात्रा रोज की तरह कोचिंग के लिए निकली, लेकिन दोपहर तक घर नहीं लौटी। परिवार ने खोजबीन शुरू की ही थी कि एक युवक का कॉल आया।

    उसने बताया क‍ि लड़की की तबीयत खराब है, उसे मसौढ़ी कोर्ट के पास आकर ले जाएं। यह सुनकर किशोरी का भाई परेशान हो गया। 

    वह मोबाइल पर बताए गए पते पर पहुंचा, तो न बहन मिली, न ही फोन करने वाला युवक। कॉल करने पर युवक ने एक घंटे में आने की बात कही, लेकिन फिर मोबाइल बंद हो गया।

    अगले दिन स्टेशन पर मिली, साथ थी एक महिला

    अगले दिन खुद छात्रा ने भाई को फोन कर बताया कि वह तारेगना रेलवे स्टेशन पर है। जब भाई वहां पहुंचा, तो उसके साथ एक अज्ञात महिला मौजूद थी।

    महिला ने बताया कि लड़की बेहोश हो गई थी, इसलिए उसे अपने घर ले गई थी। हालांकि, परिजनों को महिला की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, फिर भी वे लड़की को घर ले आए।

    फिर 11 अप्रैल की रात दोबारा गायब

    घटना ने नया मोड़ तब लिया, जब 11 अप्रैल की देर रात छात्रा फिर से घर से गायब हो गई। इस बार वह अपना मैट्रिक प्रमाणपत्र और मोबाइल भी साथ ले गई जिससे मामले को और रहस्यमय बना दिया।

    चार नंबर, एक युवक, पुलिस जांच में उलझी गुत्थी

    16 अप्रैल को छात्रा के भाई ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। उसने चार अलग-अलग मोबाइल नंबर भी दिए, जिनसे कथित युवक ने संपर्क किया था।

    पुलिस अब इन नंबरों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) का इंतजार कर रही है। इधर स्‍वजनों का आरोप है कि 18 अप्रैल को वही संदिग्ध महिला और एक युवक मसौढ़ी बाजार में दिखे।

    सूचना देने पर डायल-112 टीम ने दोनों को हिरासत में लिया, लेकिन बाद में छोड़ दिया गया। इससे नाराज स्‍वजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं और छात्रा के साथ अनहोनी की आशंका जताई है।

    पुलिस क्या कह रही है?

    थानाध्यक्ष विवेक भारती के अनुसार, पहली बार छात्रा बरामद हो गई थी, दूसरी बार वह फिर से गायब हो गई। पूछताछ में युवक ने  भगा ले जाने से इनकार किया। अब कार्रवाई CDR रिपोर्ट आने के बाद ही होगी

    बहरहाल दो बार गायब होना, संदिग्ध महिला, रहस्यमयी फोन कॉल और फिर अचानक लापता हो जाना—पूरी घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

    मसलन, क्या यह अपहरण है, या कोई और साजिश? आखिर कौन है वह महिला और युवक?  और सबसे बड़ा सवाल छात्रा कहां है? 

    आठ को गायब होना, 9 को मिलना और फिर 11 को गायब हो जाना। इसका कनेक्‍शन क्‍या है, यह पुलिस के लिए भी पहेली बनी है। 

     

    खबरें और भी