चीनी 70, प्याज 50 और गुड़ 80 रुपये किलो! त्योहार से पहले रसोई पर महंगाई की तिहरी मार
त्योहारी सीजन से पहले पटना में महंगाई का दोहरा झटका लगा है, जहां चीनी और प्याज की कीमतें तेजी से ...और पढ़ें

चीनी और प्याज हुआ महंगा
HighLights
पटना में त्योहारी सीजन से पहले महंगाई का असर।
चीनी 70 रुपये, प्याज 50 रुपये प्रति किलो तक पहुंचा।
आटे के दाम भी बढ़े, घरेलू बजट पर दबाव।
जागरण संवाददाता, पटना। त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले ही महंगाई ने आम परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। राजधानी पटना में चीनी के दाम बढ़ने के बाद अब प्याज की कीमत भी तेजी से बढ़ी है। खुदरा बाजार में चीनी 65 से 70 रुपये और प्याज 45 से 50 रुपये किलो तक पहुंच गया है। वहीं गुड़ 80 रुपये किलो बिक रहा है।
चीनी के दाम में तेजी, दूसरे राज्यों से सप्लाई पर निर्भर पटना
खुदरा दुकानदार महासंघ के महासचिव रमेश तलरेजा के अनुसार, पटना में चीनी की करीब 25 प्रतिशत आपूर्ति चंपारण से होती है।
वहीं, 60 से 65 प्रतिशत चीनी उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र से आती है। मांग और आपूर्ति के अंतर का असर अब सीधे बाजार भाव पर दिखाई दे रहा है।
आटा भी हुआ महंगा, पांच किलो का पैकेट पहुंचा 250 रुपये तक
चीनी और प्याज के साथ आटे की कीमत ने भी घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। आटे के दाम में पांच से 10 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी बताई जा रही है। फिलहाल पांच किलो आटे का पैकेट करीब 250 रुपये तक में बिक रहा है।
राखी पर मिठाई खरीदना पड़ सकता है ज्यादा महंगा
त्योहार के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ने वाली है। व्यापारियों के मुताबिक, चीनी के महंगे होने का सीधा असर मिठाई बनाने की लागत पर पड़ सकता है।
अगर कच्चे माल की कीमतों में कमी नहीं आई तो रक्षाबंधन के दौरान ग्राहकों को मिठाइयों के लिए ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है।
नासिक से कम हुई प्याज की आवक, खुदरा भाव ने रुलाया
आलू-प्याज कारोबारियों के अनुसार, पटना में फिलहाल प्याज की मुख्य आवक नासिक से हो रही है। आवक घटने के कारण थोक भाव में तेजी आई है।
मंगलवार को प्याज करीब 4,400 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया था, जबकि गुरुवार को भाव लगभग 4,000 रुपये प्रति क्विंटल रहा।
बाहर से आवक बढ़ी तो मिल सकती है राहत
कारोबारियों का कहना है कि बाहर से प्याज की आवक बढ़ने पर कीमतों में नरमी आ सकती है। लेकिन फिलहाल चीनी और प्याज के बढ़े भाव ने त्योहार से पहले आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है।
आने वाले दिनों में मांग बढ़ने पर खाद्य सामग्री की कीमतों पर और दबाव पड़ने की आशंका है।
यह भी पढ़ें- बिहार में चीनी ने बढ़ाई मिठास की कीमत: 65 रुपये किलो पहुंचा भाव, त्योहारों से पहले बिगड़ा रसोई का बजट
