पटना में ज्वेलरी कारोबारी से लूट: डेढ़ लाख नकद और गहने लेकर फरार हुए बदमाश; पहले भी बनाया था निशाना
बिहटा थाना क्षेत्र में एक ज्वेलरी कारोबारी से हथियारबंद बदमाशों ने डेढ़ लाख रुपये नकद और सोने के जेवर लूट लिए। यह वही कारोबारी है जिसे डेढ़ साल पहले भ ...और पढ़ें

पटना के बिहटा में आभूषण कारोबारी से लूट। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
बिहटा में ज्वेलरी कारोबारी से डेढ़ लाख नकद और जेवर लूटे।
हथियारबंद बदमाशों ने सिकंदरपुर छिलका के पास वारदात की।
डेढ़ साल पहले भी इसी कारोबारी को निशाना बनाया गया था।
संवाद सूत्र, बिहटा (पटना)। बिहटा थाना क्षेत्र में अपराधियों का मनोबल एक बार फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है। हथियारबंद बदमाशों ने सोमवार देर रात एक ज्वेलरी कारोबारी से डेढ़ लाख रुपये नकद और सोने के जेवर लूट लिए।
घटना के बाद पीड़ित कारोबारी किसी तरह बिहटा थाना पहुंचा और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की नाकेबंदी कर छापेमारी अभियान शुरू किया, लेकिन अपराधी फरार होने में सफल रहे।
दुकान बंद कर बाइक से लौट रहे थे घर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनेर निवासी प्रमोद कुमार की कोईलवर में ज्वेलरी की दुकान है। सोमवार देर शाम दुकान बंद कर वह बाइक से कोईलवर से अपने घर मनेर लौट रहे थे।
इसी दौरान बिहटा थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर छिलका के समीप बाइक सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने उनकी बाइक रोक ली।
बदमाशों ने हथियार दिखाकर उन्हें धमकाया और उनके पास मौजूद करीब डेढ़ लाख रुपये नकद तथा सोने के जेवरात लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।

(पीड़ित कारोबारी।)
लोगों के जुटने से पहले भागे अपराधी
घटना के बाद पीड़ित द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। सूचना मिलने पर बिहटा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
पहले भी हो चुकी है बड़ी लूट
स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब डेढ़ वर्ष पूर्व भी इसी ज्वेलरी कारोबारी से करीब 22 लाख रुपये की लूट की घटना हुई थी। एक बार फिर उसी कारोबारी को निशाना बनाए जाने से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।