Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पटना में 5 स्टेशनों के बीच 2 जुलाई से दौड़ेगी मेट्रो, 30 रुपये होगा अधिकतम किराया; रूट तय 

    Updated: Mon, 29 Jun 2026 10:19 PM (IST)

    पटना मेट्रो का मलाही पकड़ी से न्यू आईएसबीटी तक का नया खंड 2 जुलाई से शुरू होगा, जिसमें पांच स्टेशन शामिल हैं। इस विस्तार से राजेंद्र नगर और कंकड़बाग ज ...और पढ़ें

    पटना मेट्रो। फाइल फोटो

    पटना मेट्रो। फाइल फोटो

    HighLights

    1. 2 जुलाई से मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन।

    2. मलाही पकड़ी से न्यू आईएसबीटी तक 5 स्टेशन।

    3. अधिकतम किराया 30 रुपये, यात्रियों को मिलेगी राहत।

    जागरण संवाददाता, पटना। राजधानीवासियों को दो जुलाई से मेट्रो की एक और सुविधा मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दो जुलाई को मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही यात्री मलाही पकड़ी से न्यू आइएसबीटी तक पांच स्टेशनों के बीच मेट्रो से सफर कर सकेंगे।

    इस खंड में न्यू आइएसबीटी, जीरो माइल, भूतनाथ, खेमनीचक और मलाही पकड़ी स्टेशन शामिल हैं। हालांकि, खेमनीचक स्टेशन पर निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है। इसलिए मेट्रो ट्रेन इस स्टेशन से होकर तो गुजरेगी, लेकिन फिलहाल यहां ठहरेगी नहीं। स्टेशन पूरी तरह तैयार होने के बाद यात्रियों के लिए इसे खोल दिया जाएगा।

    मलाही पकड़ी तक मेट्रो का अधिकतम किराया 30 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं, न्यू आइएसबीटी से भूतनाथ स्टेशन तक किराया 15 रुपये रहेगा। वर्तमान में मेट्रो सेवा न्यू आइएसबीटी और भूतनाथ स्टेशन के बीच संचालित हो रही है।

    अभी सिंगल ट्रैक पर परिचालन होने के कारण ट्रेन के आने-जाने की व्यवस्था एक ही ट्रैक से की जा रही है। फिलहाल मेट्रो का संचालन वाकी-टाकी आधारित संचार प्रणाली के माध्यम से ही जारी रहेगा।

    मलाही पकड़ी को राजेंद्र नगर मेट्रो टनल से जोड़ने का काम जारी

    मेट्रो की अधिकतम परिचालन गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। मलाही पकड़ी तक सेवा शुरू होने से राजेंद्र नगर, कंकड़बाग और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

    बैरिया बाइपास और बस स्टैंड की ओर जाने वाले यात्रियों को जाम से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है। बैरिया बस स्टैंड से राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा।

    मलाही पकड़ी को राजेंद्र नगर मेट्रो टनल से जोड़ने के लिए स्लैब निर्माण का कार्य चल रहा है। राजेंद्र नगर से मोइनुल हक स्टेडियम स्टेशन तक टनल की खुदाई पूरी हो चुकी है।

    वहीं, मोइनुल हक स्टेडियम से पटना विश्वविद्यालय, पीएमसीएच और गांधी मैदान तक टनल निर्माण के बाद सिविल कार्य जारी है। गांधी मैदान से आकाशवाणी स्टेशन तक टनल की खुदाई अंतिम चरण में पहुंच गई है।

    पटना मेट्रो की ब्लू लाइन न्यू आईएसबीटी से पटना जंक्शन तक 14.45 किलोमीटर लंबी होगी, जबकि रेड लाइन का निर्माण खेमनीचक से दानापुर तक 17 किलोमीटर में किया जा रहा है।

    सचिवालय क्षेत्र को मिलेगी सीधी मेट्रो सुविधा

    पटना मेट्रो परियोजना के पश्चिमी कारिडोर में अंडरग्राउंड और एलिवेटेड दोनों खंडों पर तेजी से काम चल रहा है। आकाशवाणी मेट्रो स्टेशन से नेहरू पथ के रास्ते अंडरग्राउंड लाइन विद्युत भवन तक जाएगी। विद्युत भवन के पास नया भूमिगत स्टेशन बनाया जाएगा, जिससे सचिवालय और आसपास के सरकारी कार्यालयों तक सीधी मेट्रो सुविधा उपलब्ध होगी।

    खबरें और भी

    इसके बाद टनल विकास भवन, पटना जू, राजा बाजार और रुकनपुरा होते हुए पाटलिपुत्र मेट्रो स्टेशन तक पहुंचेगी। पाटलिपुत्र स्टेशन के बाद मेट्रो एलिवेटेड ट्रैक पर चलेगी। यह कारिडोर आरपीएस मोड़ और सगुना मोड़ होते हुए दानापुर स्टेशन तक जाएगा, जिससे पश्चिमी पटना और दानापुर के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

    नवंबर में नेहरू पथ पर लान्च होगी टीबीएम

    नेहरू पथ पर अंडरग्राउंड टनल और स्टेशनों के निर्माण के लिए मिट्टी परीक्षण (सायल टेस्टिंग) पूरा हो चुका है। रिपोर्ट के आधार पर विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग कर निर्माण की तैयारी शुरू कर दी गई है।

    नवंबर में पटना जू के पास से टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) लान्च की जाएगी। वहीं दानापुर से पाटलिपुत्र स्टेशन के बीच एलिवेटेड कारिडोर का निर्माण भी लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका है।

    यह भी पढ़ें- मलाहीपकड़ी तक पटना मेट्रो सेवा शुरू होने की तारीख तय; सीएम सम्राट चौधरी ने किया बड़ा एलान