Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'फोर्स भेज दो, नहीं खाली करूंगी बंगला', राबड़ी की धमकी के बाद आवास पर पहुंची पटना पुलिस की टीम

    Updated: Sat, 30 May 2026 04:56 PM (IST)

    पटना में राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर पुलिस की मौजूदगी से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। यह घटना बंगला खाली करने के नोटिस और राबड़ी देवी की चुनौती के बा ...और पढ़ें

    राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर पुलिस

    राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर पुलिस

    HighLights

    1. पुलिस राबड़ी देवी के पटना आवास पर अचानक पहुंची।

    2. बंगला खाली करने के तीसरे नोटिस के बाद बढ़ी हलचल।

    3. राबड़ी देवी ने सरकार को दी थी खुली चुनौती।

    डिजिटल डेस्क, पटना। पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर सोमवार को अचानक हलचल बढ़ गई। भारी संख्या में पुलिसकर्मी आवास परिसर पहुंचे। जानकारी के अनुसार सचिवालय एसडीपीओ अनु कुमारी पुलिस टीम का नेतृत्व कर रही थीं।

    एसडीपीओ आवास के अंदर भी गईं और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस की मौजूदगी के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

    हालांकि प्रशासन की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया।

    rabri awas 2

    राबड़ी देवी ने दी थी खुली चुनौती

    पिछले दिनों गाजियाबाद से पटना लौटने के बाद राबड़ी देवी ने आवास खाली नहीं करने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि वह बंगला छोड़ने वाली नहीं हैं।

    पूर्व मुख्यमंत्री ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम लेते हुए कहा था कि यदि सरकार चाहती है तो फोर्स भेजकर बंगला खाली करवा ले।

    उनके इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल और गरमा गया था। अब पुलिस की मौजूदगी को उसी बयान से जोड़कर देखा जा रहा है।

    हालांकि पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।

    rabri awas

    तीसरे नोटिस के बाद बढ़ी कार्रवाई की चर्चा

    भवन निर्माण विभाग ने हाल ही में राबड़ी देवी को तीसरा नोटिस जारी किया था। विभाग ने आवास जल्द खाली करने का निर्देश दिया है।

    नोटिस में कहा गया कि यह बंगला अब पशुपालन मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित किया जा चुका है। ऐसे में वर्तमान आवंटन के अनुसार आवास खाली कराया जाना जरूरी है।

    विभाग का कहना है कि पहले भी दो बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद अब तक आवास खाली नहीं किया गया है।

    नए आवास के बावजूद पुराना बंगला नहीं छोड़ा

    भवन निर्माण विभाग के अनुसार राबड़ी देवी को नेता प्रतिपक्ष के रूप में 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास आवंटित किया गया है।

    विभाग का दावा है कि नया आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है। इसके बावजूद 10 सर्कुलर रोड वाला बंगला अभी तक खाली नहीं किया गया है।

    सरकार का कहना है कि नियमों के तहत आवंटित आवास में स्थानांतरित होना चाहिए। इसी आधार पर विभाग लगातार पत्राचार और नोटिस भेजता रहा है।

    अब प्रशासनिक गतिविधियां तेज होने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

    20 साल से इसी बंगले में रह रहा है लालू परिवार

    लालू प्रसाद यादव और उनका परिवार वर्ष 2005 से इस सरकारी आवास में रह रहा है। यह बंगला लंबे समय से राजद और लालू परिवार की राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र रहा है।

    विभाग का दावा है कि पिछले छह महीनों में कई बार आवास खाली करने का अनुरोध किया गया। लेकिन परिवार की ओर से अब तक शिफ्टिंग नहीं की गई है।

    इधर लालू प्रसाद यादव अपने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए सिंगापुर गए हुए हैं। ऐसे में आवास विवाद और पुलिस की मौजूदगी ने बिहार की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।

    यह भी पढ़ें- राबड़ी देवी के बंगले पर सियासी संग्राम, JDU बोली- नियम मानिए; RJD बोला- प्रतिशोध

    यह भी पढ़ें- 10 सर्कुलर रोड नहीं छोड़ेंगी राबड़ी देवी; बोलीं- फोर्स बुलाकर खाली करा लें, तीसरे नोटिस के बाद भी अड़ीं पूर्व CM

    यह भी पढ़ें- VVIP बंगले पर बड़ा खेल, लालू-राबड़ी का चर्चित ठिकाना अब किस मंत्री के नाम?