10 सर्कुलर रोड नहीं छोड़ेंगी राबड़ी देवी; बोलीं- फोर्स बुलाकर खाली करा लें, तीसरे नोटिस के बाद भी अड़ीं पूर्व CM
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने से इनकार कर दिया है, जिसके लिए उन्हें तीसरा नोटिस मिला है। यह आवास ...और पढ़ें

पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने आवास खाली करने से किया इनकार। फाइल
HighLights
राबड़ी देवी ने 10 सर्कुलर रोड आवास खाली करने से मना किया।
विभाग ने तीसरा नोटिस दिया, आवास मंत्री को आवंटित।
राबड़ी देवी ने सरकार को बलपूर्वक खाली कराने की चुनौती दी।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार की राजनीति के सबसे चर्चित पतों में शुमार 10 सर्कुलर रोड एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को सरकारी आवास खाली करने के लिए भवन निर्माण विभाग की ओर से तीसरा नोटिस जारी किया गया है।
नोटिस मिलने के बाद राबड़ी देवी ने सरकार के प्रति कड़ा रुख अपनाते हुए साफ कहा है कि वह आवास खाली नहीं करेंगी।
दिल्ली से पटना लौटीं राबड़ी देवी
दिल्ली से पटना लौटने के बाद पत्रकारों से बातचीत में राबड़ी देवी ने कहा, 'नए-नए मुख्यमंत्री बने हैं न सम्राट चौधरी, फोर्स बुलाकर आवास खाली करवा लें।'
दरअसल, राज्य सरकार ने 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास का आवंटन बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंद किशोर राम के नाम कर दिया है।
इसके बावजूद राबड़ी देवी अब भी इस आवास में रह रही हैं। इसी को लेकर भवन निर्माण विभाग ने एक दिन पहले फिर से नोटिस जारी करते हुए तत्काल आवास खाली करने का अनुरोध किया है।
विभाग द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि नेता प्रतिपक्ष के रूप में राबड़ी देवी को नवंबर 2025 में ही 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास आवंटित किया जा चुका है।
नंदकिशोर राम को आवंटित है आवास
विभाग ने यह भी उल्लेख किया है कि पूर्व में कई बार आग्रह किए जाने के बावजूद उन्होंने 10 सर्कुलर रोड का आवास खाली नहीं किया है।
अब नए आवंटन आदेश के बाद सरकार चाहती है कि बंगला शीघ्र खाली कराया जाए ताकि नए आवंटी को कब्जा दिया जा सके।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 10 सर्कुलर रोड सिर्फ एक सरकारी आवास नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति का प्रतीकात्मक केंद्र रहा है।
लंबे समय तक यह आवास राष्ट्रीय जनता दल और लालू-राबड़ी परिवार की राजनीतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना रहा।

लंबे समय तक सत्ता की गतिविधियों का केंद्र रहा 10 सर्कुलर रोड बंगला
ऐसे में अब इस आवास का भाजपा कोटे के मंत्री को आवंटित होना सत्ता परिवर्तन के प्रतीक के रूप में भी देखा जा रहा है। वहीं विपक्षी दल इस पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक दबाव और संदेश देने की कोशिश के रूप में देख रहे हैं।
राबड़ी देवी के तीखे बयान के बाद यह मामला अब केवल प्रशासनिक प्रक्रिया तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं।
फिलहाल सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि सरकार आगे क्या कदम उठाती है और क्या राबड़ी देवी वास्तव में आवास खाली करती हैं या यह विवाद आने वाले दिनों में और अधिक राजनीतिक रंग लेता है।
यह भी पढ़ें- लालू परिवार को 15 दिन में खाली करना होगा 10 सर्कुलर रोड आवास; नहीं रह पाएंगे नीतीश के पड़ोसी