Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    राजधानी में हड़ताल खत्म होते ही एक्शन में नगर आयुक्त, 24 घंटे में कूड़ा हटाने का दिया निर्देश

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 04:01 AM (GMT+05:30)

    नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने हड़ताल के दौरान जमा हुए कूड़े को 24 घंटे के भीतर हटाने का सख्त निर्देश दिया है। ...और पढ़ें

    नगरनिगम कर्मचारियों के हड़ताल के कारण दरियापुर के पास सड़क पर फैला कचरा। (जागरण)

    नगरनिगम कर्मचारियों के हड़ताल के कारण दरियापुर के पास सड़क पर फैला कचरा। (जागरण)

    HighLights

    1. हड़ताल का कूड़ा 24 घंटे में हटाने का आदेश।

    2. शहर में विशेष सफाई अभियान, डीप क्लीनिंग शुरू।

    3. डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और फॉगिंग भी।

    जागरण संवाददाता, पटना। नगर निगम कर्मियों और आउटसोर्सिंग एजेंसी के कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होने के बाद अब राजधानी की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह पटरी पर लाने के लिए नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।

    नगर आयुक्त ने कहा है कि 30 जुलाई से छह अगस्त तक हड़ताल के दौरान शहर के वार्डों, मुख्य सड़कों और गलियों में जमा हुए सभी कूड़े का उठाव अगले 24 घंटे के भीतर युद्धस्तर पर कराया जाए।

    सभी कार्यपालक पदाधिकारियों, सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारियों तथा नगर प्रबंधकों को दिए गए आदेश में कहा गया है कि हड़ताल के कारण बड़ी मात्रा में कूड़ा जमा हो गया है।

    इससे जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। इसलिए विशेष सफाई अभियान चलाकर पूरे शहर को साफ करना प्राथमिकता होगी।

    आदेश के अनुसार, सभी कचरा प्वाइंट, नालों के मुहाने और अन्य संवेदनशील स्थानों की गहन सफाई (डीप क्लीनिंग) कराई जाएगी।

    साथ ही इन स्थानों पर ब्लीचिंग पाउडर और चूने का अनिवार्य रूप से छिड़काव किया जाएगा, ताकि संक्रमण और दुर्गंध पर नियंत्रण रखा जा सके।

    नगर निगम ने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि प्रत्येक सेक्टर में पर्याप्त संख्या में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन लगाए जाएं, जिससे घरों से नियमित रूप से कूड़ा उठाया जा सके और सफाई व्यवस्था जल्द सामान्य हो।

    मानसून को देखते हुए मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए एंटी लार्वा दवा का छिड़काव और फागिंग अभियान भी चलाने का आदेश दिया गया है।

    नगर आयुक्त ने कहा है कि सभी अधिकारी प्रतिदिन किए गए कार्यों की रिपोर्ट नियंत्रण कक्ष को भेजेंगे। वहीं, उप नगर आयुक्त (नियंत्रण कक्ष) को निर्देश दिया गया है कि सभी अंचलों की दैनिक रिपोर्ट एकत्र कर नगर आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत करें।

    नगर निगम का लक्ष्य है कि हड़ताल के दौरान प्रभावित हुई सफाई व्यवस्था को जल्द से जल्द सामान्य किया जाए और लोगों को कूड़े, दुर्गंध तथा संभावित बीमारियों से राहत मिल सके।

    फॉगिंग शुरू, आज से डोर-टू-डोर उठेगा कचरा

    गुरुवार रात हड़ताल समाप्त होते ही नगर निगम ने शहर की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह सामान्य करने की कवायद तेज कर दी है। विशेष फागिंग और एंटी लार्वा छिड़काव शुरू कर दिया गया।

    खबरें और भी

    शुक्रवार से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सेवा भी नियमित रूप से शुरू होगी। इसके साथ ही हड़ताल के दौरान जमा कूड़े को हटाने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।

    सभी कचरा प्वाइंट, नालों के मुहाने और संवेदनशील स्थानों की डीप क्लीनिंग कर वहां ब्लीचिंग पाउडर और चूने का छिड़काव कराया जाएगा, ताकि संक्रमण और मच्छरजनित बीमारियों का खतरा कम हो सके।