Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पटना के स्‍कूलों में अब 8वीं तक की कक्षाओं पर प्रत‍िबंध, एक दिन में ही DM ने बदला आदेश

    By Vyas Chandra Edited By: Vyas Chandra
    Updated: Sat, 03 Jan 2026 08:06 PM (IST)

    Patna Schools: पटना में भीषण ठंड के कारण जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने आठवीं तक के सभी स्कूलों को 8 जनवरी तक बंद करने का आदेश दिया है। पहले यह प्रत ...और पढ़ें

    पटना में बना हुआ है ठंड का प्रकोप। जागरण

    पटना में बना हुआ है ठंड का प्रकोप। जागरण

    HighLights

    1. पटना में आठवीं तक के स्कूल 8 जनवरी तक बंद।

    2. जिलाधिकारी ने भीषण ठंड के कारण आदेश जारी किया।

    3. मौसम विभाग ने घने कोहरे और ठंड की चेतावनी दी।

    जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी में मौसम बेहद सर्द है। एक दिन पहले तक सामान्‍य महसूस हो रहा तापमान शन‍िवार को अचानक काफी कम हो गया। 

    इसको देखते हुए जिलाधिकारी डाॅ. त्यागराजन एसएम ने आठवीं तक के स्कूलों की शैक्षणिक गतिविधियों पर 8 जनवरी तक के लिए प्रतिबंध लगा दिया है।

    एक दिन पहले शुक्रवार को पांच जनवरी तक के लिए पांचवीं तक की कक्षाओं के लिए यह आदेश जारी किया गया था, लेकिन तापमान में गिरावट को देखते हुए शनिवार को फिर से आठवीं तक की कक्षा प्रतिबंधित कर दी गई।

    अपने आदेश में जिलाधिकारी ने कहा है कि जिले में पड़ रही अत्यधिक ठंड के कारण कम तापमान की स्थिति बनी हुई है। इससे बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है।

    इसको देखते हुए प्री स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों समेत सभी निजी एवं सरकारी स्कूलों में आठवीं तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर आठ जनवरी तक के लिए प्रतिबंध लगाता हूं।

    वर्ग आठ से ऊपर की की कक्षाओं की शैक्षणिक गतिविधियां 10.30 बजे सुबह से अपराह्न 3.30 बजे के बीच संचालित की जा सकती हैं। यह आदेश चार जनवरी से प्रभावी होगा।

    ठंड से राहत के फिलहाल आसार नहीं

    बता दें राज्य में फिलहाल भीषण ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार तापमान में गिरावट आने के साथ ठंड और कोहरे में वृद्धि की संभावना है।

    अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस गिरावट की संभावना है। चार से पांच दिनों के दौरान घना कोहरा का प्रभाव बना रहेगा।

    मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार रविवार को पटना सहित अधिसंख्य भागों में घना कोहरा छाए रहने के साथ कोल्ड डे की चेतावनी है। खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, जमुई, बांका में घना कोहरा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया।

    राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस के साथ भागलपुर सबौर में दर्ज किया गया। राजधानी का न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

    50 मीटर दृश्यता अररिया के फारबिसगंज में दर्ज हुआ। जबकि, राजधानी में सुबह के समय सौ मीटर दृश्यता दर्ज की गई। शनिवार को पटना सहित आसपास इलाकों में कोहरे के साथ बर्फीली पछुआ हवा के कारण दिन और रात कनकनी का प्रभाव बना रहा।