पटना से लखनऊ जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी, जांच में जुटी आरपीएफ की टीम
पटना से लखनऊ जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर बिहटा स्टेशन के पास पत्थरबाजी हुई, जिससे एक कोच का शीशा चटक गया। आरपीएफ ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पटना से लखनऊ जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी।
HighLights
पटना से लखनऊ जाने वाली वंदे भारत पर पत्थरबाजी की घटना।
बिहटा स्टेशन के पास सी6 कोच का शीशा चटका।
आरपीएफ ने जांच शुरू की, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
जागरण, संवाददाता, पटना। पटना से गोमतीनगर (लखनऊ) जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22345) पर रविवार सुबह बिहटा स्टेशन से रवाना होने के दौरान पत्थर फेंके जाने की घटना हुई। सुबह करीब 6:22 बजे हुई इस घटना में पत्थर लगने से ट्रेन के सी6 कोच का एक चटक गया। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस बिहटा स्टेशन से आगे निकल रही थी। इसी दौरान बाहर से किसी व्यक्ति ने ट्रेन पर पत्थर फेंका। पत्थर सी6 कोच की खिड़की के शीशे से जा टकराया, जिससे शीशा चटक गया।
अचानक हुई घटना से यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई। घटना की सूचना रेलवे के अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों को दी गई है। आरपीएफ की ओर से पत्थर फेंकने वाले की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्र में जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला जा रहा है।
आरपीएफ के सीनियर कमांडेंट उदय सिंह पवार ने बताया कि मामले में दानापुर आरपीएफ पोस्ट में प्राथमिकी कर जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- पटना में जेपी गंगा पथ पर दो युवक पिस्टल के साथ पकड़े गए, पुलिस कर रही पूछताछ
