Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सर, फिर से ऑनलाइन क्लास होगी क्या? बिहार के स्कूल में बच्चों के सवाल ने बढ़ाई चर्चा

    Updated: Tue, 12 May 2026 10:40 PM (IST)

    Online Classes Start Again पटना के स्कूलों में बच्चों के बीच ऑनलाइन क्लास फिर से शुरू होने की चर्चा तेज है, खासकर गर्मी से बचने की उम्मीद में। हालांकि ...और पढ़ें

    ऑनलाइन क्लास फिर से शुरू होने की चर्चा तेज

    ऑनलाइन क्लास फिर से शुरू होने की चर्चा तेज

    HighLights

    1. बच्चों में ऑनलाइन क्लास शुरू होने की चर्चा।

    2. गर्मी से बचने के लिए कुछ छात्र उत्साहित।

    3. स्कूलों ने कहा, कोई आधिकारिक आदेश नहीं।

    राधा कृष्ण, पटना। स्कूलों में इन दिनों पढ़ाई से ज्यादा ऑनलाइन क्लास को लेकर चर्चा सुनने को मिल रही है। सोशल मीडिया और आपसी बातचीत के बीच बच्चों में यह बात तेजी से फैल गई कि “मोदी जी ने कहा है कि फिर से ऑनलाइन क्लास हो सकती है।”

    हालांकि इसको लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन बच्चों के बीच इसे लेकर उत्सुकता साफ नजर आ रही है। कई स्कूलों में छात्र इसी विषय पर चर्चा करते दिखे।

    'क्या फिर घर से पढ़ाई होगी?'

    गर्मी और उमस के बीच कुछ बच्चों को ऑनलाइन क्लास का नाम सुनकर राहत महसूस हुई। छात्रों ने शिक्षकों से भी पूछना शुरू कर दिया कि क्या फिर से मोबाइल और लैपटॉप पर पढ़ाई शुरू होगी।

    कक्षा सात के छात्र आर्यन ने कहा, 'अगर ऑनलाइन क्लास होगी तो धूप में स्कूल नहीं आना पड़ेगा। घर से पढ़ाई करना आसान रहेगा।'

    कुछ बच्चे खुश, कुछ उदास

    वहीं कई बच्चों ने कहा कि ऑनलाइन क्लास में पढ़ाई का माहौल नहीं बन पाता। छात्रा सृष्टि ने कहा, 'ऑनलाइन क्लास ठीक है, लेकिन स्कूल में दोस्तों के साथ पढ़ाई ज्यादा अच्छी लगती है।'

    छात्र आदित्य ने हंसते हुए कहा, 'ऑनलाइन क्लास में कैमरा बंद करके आधे बच्चे गायब हो जाते थे, अब फिर वही होगा क्या?'

    वहीं छात्र पुण्डरीकाक्ष शर्मा ने कहा कि ऑनलाइन क्लास में मजा तो आता है पर प्यारे-प्यारे दोस्त से नहीं मिल पाता हूं।

    कक्षा 9 की छात्रा भव्या शर्मा का कहना है कि सिलेबस पूरा नहीं हो पाता है और बहुत टॉपिक तो समझ में ही नहीं आता साथ ही लोग मस्ती ज्यादा करते है।

    अभिभावकों में भी शुरू हुई चर्चा

    बच्चों की बातों के बाद अभिभावकों के बीच भी यह मुद्दा चर्चा का विषय बन गया है। कुछ अभिभावक गर्मी और स्वास्थ्य को देखते हुए ऑनलाइन क्लास के पक्ष में दिखे।

    वहीं कई लोगों का कहना है कि लगातार मोबाइल पर पढ़ाई से बच्चों की आंखों और पढ़ाई दोनों पर असर पड़ता है।

    स्कूलों ने कहा- कोई आधिकारिक आदेश नहीं

    स्कूल प्रबंधन का कहना है कि फिलहाल ऑनलाइन क्लास को लेकर सरकार या शिक्षा विभाग की ओर से कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।

    शिक्षकों के अनुसार सोशल मीडिया पर चल रही बातों के कारण बच्चों के बीच यह चर्चा तेज हुई है। अभी सभी स्कूल सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं।

    बच्चों की जुबान पर सिर्फ Online Class

    गर्मी, छुट्टी और मोबाइल पर पढ़ाई… इन सबके बीच 'ऑनलाइन क्लास' फिर से बच्चों के बीच सबसे बड़ा टॉपिक बन गया है।

    अब सबकी नजर इस बात पर है कि आने वाले दिनों में मौसम और सरकार की ओर से क्या फैसला लिया जाता है। फिलहाल बच्चों के बीच यही सवाल सबसे ज्यादा गूंज रहा है-'सर, फिर से ऑनलाइन क्लास होगी क्या?'

    यह भी पढ़ें- 'सोना खरीदने की जरूरत नहीं, ऑनलाइन क्लास और कम तेल का प्रयोग', पीएम मोदी ने 24 घंटे में दूसरी बार की अपील

    खबरें और भी