Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    300 साल की विरासत, बंटवारे का सफर और पटना साहिब... PM Modi ने सुनाई Guru Gobind Singh के जोड़ा साहिब की कहानी

    Updated: Sat, 11 Jul 2026 08:43 PM (IST)

    प्रधानमंत्री मोदी ने न्यूजीलैंड में प्रवासी भारतीयों से पटना साहिब में पवित्र जोड़ा साहिब के दर्शन का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि कैसे गुरु गोविंद स ...और पढ़ें

    तख्त श्री हरिमंदिर में माता साहिब कौर व श्री गुरु गोविंद सिंह के पवित्र जोड़ा साहिब

    तख्त श्री हरिमंदिर में माता साहिब कौर व श्री गुरु गोविंद सिंह के पवित्र जोड़ा साहिब

    HighLights

    1. पीएम मोदी ने पटना साहिब में जोड़ा साहिब दर्शन का आग्रह किया।

    2. हरदीप सिंह पुरी के पूर्वजों ने 300 साल जोड़ा साहिब सुरक्षित रखा।

    3. विभाजन के बाद दिल्ली से पटना साहिब पहुंचा पवित्र जोड़ा साहिब।

    जागरण संवाददाता, पटना सिटी(पटना)। न्यूजीलैंड के आकलैंड में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के पटना सिटी स्थित तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में पवित्र जोड़ा साहिब के दर्शन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि भारत आने वाले श्रद्धालुओं और प्रवासी भारतीयों को पटना साहिब अवश्य जाना चाहिए।

    प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के पूर्वज सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह महाराज के सेवादार थे। उनके परिवार ने करीब 300 वर्षों तक श्री गुरु गोविंद सिंह और माता साहिब कौर के पवित्र जोड़ा साहिब को सुरक्षित रखा।

    विभाजन के समय दिल्ली लाया गया था पवित्र जोड़ा साहिब

    प्रधानमंत्री ने बताया कि देश के विभाजन के दौरान हरदीप सिंह पुरी के पूर्वज पवित्र जोड़ा साहिब को अपने साथ दिल्ली ले आए थे। बाद में उनकी इच्छा थी कि इसे सिख संगत को सौंप दिया जाए, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इसके दर्शन कर सकें।

    उन्होंने कहा कि इसके लिए सिख परंपरा और इतिहास की जानकारी रखने वाले लोगों की एक समिति का गठन किया गया था, जिसने इस संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लिया।

    पटना साहिब को चुना गया पवित्र धरोहर का ठिकाना

    समिति ने निर्णय लिया कि पवित्र जोड़ा साहिब को उस पावन भूमि पर स्थापित किया जाए, जहां श्री गुरु गोविंद सिंह महाराज के चरण पहली बार पड़े थे और जहां उनका जन्म हुआ था, अर्थात पटना साहिब।

    खबरें और भी

    प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें खुशी है कि आज यह पवित्र धरोहर पटना साहिब की पावन धरती पर विराजमान है और श्रद्धालु इसके दर्शन कर रहे हैं।

    उस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने का मिला सौभाग्य

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मेरा सौभाग्य है कि उस पवित्र अवसर का मुझे साक्षी बनने का अवसर मिला।" उन्होंने इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक क्षण को अपने जीवन के महत्वपूर्ण अनुभवों में से एक बताया।

    उन्होंने दुनियाभर के प्रवासी भारतीयों और श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि भारत यात्रा के दौरान वे तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब अवश्य जाएं और गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करें।

    प्रबंधक समिति ने जताया प्रधानमंत्री का आभार

    न्यूजीलैंड में अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा पटना साहिब का उल्लेख किए जाने पर तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब प्रबंधक समिति ने प्रसन्नता व्यक्त की।

    समिति के अध्यक्ष सरदार जगजोत सिंह सोही और उपाध्यक्ष सरदार गुरुविंदर सिंह ने प्रधानमंत्री के प्रति हृदय से आभार जताया।

    अंतरराष्ट्रीय मंच पर पटना साहिब का बढ़ा सम्मान

    समिति के अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा अंतरराष्ट्रीय मंच से पवित्र जोड़ा साहिब और तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब का उल्लेख किया जाना समस्त सिख संगत के लिए गर्व का विषय है।

    उन्होंने कहा कि इससे दुनिया भर के श्रद्धालुओं को श्री गुरु गोविंद सिंह महाराज की पावन जन्मस्थली से जुड़ने और वहां दर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।