Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पीएमसीएच में MBBS की 50 सीटें बढ़ीं, बिहार को मिलेंगे अब और ज्यादा डॉक्टर

    Updated: Sat, 11 Jul 2026 09:13 PM (IST)

    पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में एमबीबीएस की 50 अतिरिक्त सीटों पर नामांकन का रास्ता साफ हो गया है, जिससे अब कुल 250 छात्र प्रवेश ले सकेंगे ...और पढ़ें

    बिहार के छात्रों को मिलेगा बड़ा फायदा

    बिहार के छात्रों को मिलेगा बड़ा फायदा

    HighLights

    1. पीएमसीएच में एमबीबीएस की 50 सीटें बढ़ीं, अब 250 नामांकन।

    2. एनएमसी ने सशर्त मंजूरी दी, 90 दिन में कमियां दूर करें।

    3. बिहार के छात्रों को चिकित्सा शिक्षा में अधिक अवसर मिलेंगे।

    जागरण संवाददाता, पटना। पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में एमबीबीएस की 50 अतिरिक्त सीटों पर नामांकन का रास्ता साफ हो गया है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (एमएआरबी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कॉलेज की सीट क्षमता 200 से बढ़ाकर 250 करने की सशर्त अनुमति दे दी है।

    हालांकि आयोग ने स्पष्ट किया है कि संस्थान को 90 दिनों के भीतर फैकल्टी, संसाधनों और अन्य कमियों को दूर कर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। इसके लिए कॉलेज प्रशासन ने तैयारी भी शुरू कर दी है।

    एनएमसी ने जारी किया लेटर ऑफ परमिशन

    एनएमसी की ओर से 10 जुलाई को जारी लेटर ऑफ परमिशन के अनुसार विशेषज्ञ समिति की निरीक्षण रिपोर्ट, कॉलेज द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की समीक्षा के बाद सीट वृद्धि को मंजूरी दी गई।

    निरीक्षण के दौरान फैकल्टी की उपलब्धता, बायोमेट्रिक उपस्थिति और कुछ शैक्षणिक संसाधनों में कमी पाई गई, जिन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करना अनिवार्य होगा।

    फैकल्टी और प्रोफेसरों की कमी दूर करनी होगी

    एईबीएएस रिपोर्ट के अनुसार वर्तमान सीटों के अनुरूप कॉलेज में 168 शिक्षकों की आवश्यकता है, जबकि केवल 145 फैकल्टी सदस्य ही पंजीकृत पाए गए हैं।

    इसके अलावा चार विभागों में प्रोफेसर के पद रिक्त मिले हैं। एनएमसी ने इन पदों को जल्द भरने और सभी शिक्षकों की बायोमेट्रिक उपस्थिति 75 प्रतिशत से अधिक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

    बिहार के छात्रों को मिलेगा बड़ा फायदा

    एमबीबीएस सीटों में बढ़ोतरी से बिहार के विद्यार्थियों को सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के अधिक अवसर मिलेंगे। इसे राज्य में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

    इसके साथ ही भविष्य में डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में भी यह फैसला अहम भूमिका निभाएगा।

    अब 250 छात्रों का होगा एक साथ नामांकन

    सीट वृद्धि के बाद पीएमसीएच बिहार के उन चुनिंदा मेडिकल कॉलेजों में शामिल हो गया है, जहां एक शैक्षणिक सत्र में 250 एमबीबीएस छात्रों का नामांकन होगा।

    मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में इसे पीएमसीएच के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

    सुधार प्रक्रिया तेज, विभागाध्यक्षों के साथ होगी बैठक

    पीएमसीएच की प्राचार्य प्रो. गीता सिन्हा ने कहा कि एनएमसी से 50 अतिरिक्त सीटों की अनुमति मिलना संस्थान के लिए बड़ी उपलब्धि है।

    उन्होंने बताया कि आयोग की ओर से जिन बिंदुओं पर सुधार के निर्देश दिए गए हैं, उन पर तेजी से काम शुरू कर दिया गया है और बुधवार को सभी विभागाध्यक्षों के साथ बैठक बुलाई गई है।

    90 दिनों में भेजी जाएगी अनुपालन रिपोर्ट

    प्राचार्य ने कहा कि बैठक में प्रत्येक विभाग की कमियों की समीक्षा कर उन्हें समयबद्ध तरीके से दूर करने की रणनीति बनाई जाएगी।

    उन्होंने भरोसा जताया कि निर्धारित 90 दिनों के भीतर सभी बिंदुओं पर अनुपालन रिपोर्ट एनएमसी को भेज दी जाएगी।

    संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की तैयारी

    पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सीट वृद्धि के अनुरूप अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

    उन्होंने कहा कि जिन विभागों में फैकल्टी की कमी है, वहां नियुक्ति और प्रतिनियुक्ति के लिए स्वास्थ्य विभाग से समन्वय किया जा रहा है।

    एनएमसी मानकों के पालन पर रहेगा फोकस

    अधीक्षक ने बताया कि शिक्षकों की बायोमेट्रिक उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों और अन्य मानकों की नियमित निगरानी की जाएगी।

    उन्होंने कहा कि संस्थान का लक्ष्य एनएमसी के सभी मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करना है, ताकि भविष्य में किसी तरह की बाधा न आए।

    खबरें और भी