पीएमसीएच में एकीकृत कैंसर विभाग शुरू, अब मरीजों को मिलेगी मुफ्त कीमोथेरेपी की सुविधा
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने पटना के पीएमसीएच में एकीकृत कैंसर विभाग का उद्घाटन किया। अब कैंसर मरीजों को यहां मुफ्त कीमोथेरेपी मिलेगी, जिससे इलाज स ...और पढ़ें

पीएमसीएच में एकीकृत कैंसर विभाग शुरू
HighLights
स्वास्थ्य मंत्री ने पीएमसीएच में एकीकृत कैंसर विभाग का उद्घाटन किया।
कैंसर मरीजों को अब मुफ्त कीमोथेरेपी की सुविधा मिलेगी।
जांच, परामर्श, उपचार एक ही स्थान पर, इलाज होगा सुलभ।
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पीएमसीएच में कैंसर मरीजों के लिए बड़ी राहत की शुरुआत हुई है। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने नव-निर्मित सेंट्रल यूटिलिटी ब्लाक में एकीकृत कैंसर विभाग (आंकोलॉजी) के ओपीडी और आईपीडी सेवाओं का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर मंत्री ने विभिन्न जिलों से आए कैंसर मरीजों से मुलाकात कर उनके इलाज और स्वास्थ्य की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि अब इस आधुनिक विभाग में कैंसर मरीजों को कीमोथेरेपी पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे हजारों रुपये का खर्च उठाने में असमर्थ गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
इलाज अधिक सुलभ और सस्ता हो गया
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह पहल राज्य सरकार के स्वास्थ्य सुधार के संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पहले जहां कैंसर के इलाज के लिए मरीजों को भारी खर्च उठाना पड़ता था, वहीं अब सरकारी स्तर पर यह सुविधा उपलब्ध होने से इलाज अधिक सुलभ और सस्ता हो गया है।
नए एकीकृत कैंसर विभाग में मरीजों को एक ही स्थान पर जांच, परामर्श और उपचार की सुविधाएं मिलेंगी। इससे इलाज की प्रक्रिया तेज होगी और मरीजों को बार-बार अलग-अलग विभागों में भटकना नहीं पड़ेगा।
बिहार के कैंसर मरीजों के भरोसेमंद केंद्र बनेगा पीएमसीएच
मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि पीएमसीएच में विकसित यह एकीकृत माडल न केवल पटना बल्कि पूरे बिहार के कैंसर मरीजों के लिए भरोसेमंद केंद्र बनेगा। इससे गंभीर बीमारियों के इलाज में गुणवत्ता और पहुंच दोनों बेहतर होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि राज्य के हर व्यक्ति को सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा मिले।
पीएमसीएच में शुरू की गई यह सुविधा उसी दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम है। पीएमसीएच अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने कहा कि अभी 22 बेड भर्ती की भी सुविधा है, आने वाले दिनों में कैंसर मरीजों के लिए 300 बेड का एक विशेष केंद्र बनेगा। धीरे-धीरे यह संख्या बढ़ेगी।