विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छात्रों को रोजगार दिलाने के लिए PPU का बड़ा कदम, सभी कॉलेजों में प्लेसमेंट सेल अनिवार्य

Published: Tue, 08 Sep 2026 01:36 PM (IST)

पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय (PPU) ने सभी कॉलेजों में प्लेसमेंट और प्रशिक्षण इकाई स्थापित करना अनिवार्य कर दिया है ताकि छात्रों को ...और पढ़ें

पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय। फाइल फोटो

पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय। फाइल फोटो

HighLights

  1. PPU ने सभी कॉलेजों में प्लेसमेंट इकाई अनिवार्य की।

  2. छात्रों को रोजगार के लिए तैयार किया जाएगा, स्किल सिखाएंगे।

  3. कंपनियों को कैंपस में बुलाकर सीधी भर्ती का अवसर।

जागरण संवाददाता, पटना। पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय (PPU) के सभी कॉलेजों में प्लेसमेंट एवं प्रशिक्षण इकाई स्थापित करना अनिवार्य होगा। इस इकाई के माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ ही रोजगार के लिए तैयार किया जाएगा।

विश्वविद्यालय ने सभी कॉलेजों को निर्देश दिया है कि वे अपने यहां गठित प्लेसमेंट एवं प्रशिक्षण इकाई के समन्वयक की पूरी जानकारी ऑनलाइन गूगल फॉर्म के माध्यम से जल्द से जल्द उपलब्ध कराएं। इसके लिए विश्वविद्यालय की ओर से कॉलेजों को गूगल लिंक भी जारी किया गया है।

इस पहल का सीधा लाभ विश्वविद्यालय के हजारों विद्यार्थियों को मिलने की उम्मीद है, जो पढ़ाई पूरी करने के बाद रोजगार की तलाश में रहते हैं। कॉलेजों में स्थापित होने वाली इकाई विद्यार्थियों को साक्षात्कार की तैयारी कराने, नई स्किल सिखाने और कंपनियों से जोड़ने का काम करेगी।

इसके अलावा विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग और स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रमों से भी जोड़ा जाएगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि प्लेसमेंट एवं प्रशिक्षण इकाई केवल कागजों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे लगातार सक्रिय रखना होगा।

कुलसचिव प्रो. अबू बकर रिजवी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि कॉलेजों को विश्वविद्यालय के मुख्य प्लेसमेंट अधिकारी (टीपीओ) के साथ समन्वय स्थापित कर काम करना होगा। इसका उद्देश्य कैंपस में कंपनियों को आमंत्रित कर विद्यार्थियों की सीधी भर्ती का अवसर उपलब्ध कराना है।

यह भी पढ़ें- मगध महिला कॉलेज में छात्रा परिषद चुनाव का बिगुल बजा, 16 सितंबर को होगा मतदान