बांकीपुर उपचुनाव: भाजपा के गढ़ में प्रशांत किशोर आगे; जन सुराज के समर्थकों में जश्न, BJP- RJD कार्यालयों में पसरा सन्नाटा
बांकीपुर उपचुनाव की मतगणना में जन सुराज के प्रशांत किशोर शुरुआती रुझानों में भाजपा के गढ़ में आगे चल रहे हैं। उनकी बढ़त से जन सुराज कार्यालय में जश्न ...और पढ़ें
HighLights
प्रशांत किशोर बांकीपुर उपचुनाव में 4556 वोटों से आगे।
जन सुराज कार्यकर्ताओं में उत्साह, भाजपा-राजद कार्यालयों में सन्नाटा।
बांकीपुर सीट भाजपा का गढ़ मानी जाती है।
डिजिटल डेस्क, पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना पटना के एएन कॉलेज केंद्र पर जारी है। शुरुआती रुझानों में जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर बढ़त बनाए हुए हैं।
दोपहर 12:30 बजे तक नौ राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है। प्रशांत किशोर 17856 वोट लेकर 5272 वोट से आगे हैं। भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा 12, 584 वोट के साथ दूसरे और राजद की रेखा कुमारी 3,449 मत के साथ तीसरे स्थान पर है।
प्रशांत किशोर की बढ़त के बाद जन सुराज के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ता "जय बिहार" के नारे लगाते नजर आए। वहीं, भाजपा और राजद कार्यालयों में अपेक्षाकृत शांति दिखी।

(जन सुराज कार्यालय में जश्न मनाते कार्यकर्ता।)
भाजपा कार्यालय का गेट बंद, स्क्रीन पर नजर बनाए कार्यकर्ता
बांकीपुर सीट को भाजपा का परंपरागत गढ़ माना जाता रहा है। हालांकि शुरुआती रुझानों में भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा पीछे चल रहे हैं।
रुझानों में पिछड़ते देखकर भाजपा कार्यालय का मुख्य गेट बंद कर दिया गया। अंदर मौजूद कुछ कार्यकर्ता बड़े स्क्रीन पर मतगणना के अपडेट देखते रहे।

राजद प्रत्याशी भी पीछे
राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता भी शुरुआती रुझानों में पीछे चल रही हैं। आठ राउंड की गिनती के बाद उन्हें 2991 वोट मिले हैं। पार्टी कार्यालय में भी कार्यकर्ताओं की सक्रियता कम नजर आई।
राजद कार्यालय में भी सन्नाटा पसरा हुआ है। पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में राजद प्रत्याशी का प्रदर्शन काफी कमजोर दिख रहा है। वे 2025 में दूसरे स्थान पर रहीं थीं।

31 राउंड की गिनती बाकी
बांकीपुर उपचुनाव की मतगणना कुल 31 राउंड में पूरी होगी। अभी बड़ी संख्या में राउंड की गिनती बाकी है। 16 टेबलों पर वोटों की गणना की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने एएन कॉलेज केंद्र पर कड़े इंतजाम किए हैं।
बता दें कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में 30 जुलाई को मतदान हुआ था। इस दौरान कुल 34.31 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। चुनाव में 1,30,234 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। अब सभी की नजर अंतिम परिणाम पर टिकी हुई है।