Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बीजेपी के दिग्गजों के बूथ में भी PK का कब्जा, फिर भी बांकीपुर के इतिहास की सबसे कमजोर जीत

    Updated: Mon, 03 Aug 2026 11:52 PM (GMT+05:30)

    प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में 19,324 मतों से जीत दर्ज की, जिसमें भाजपा के नीरज कुमार दूसरे और राजद की रेखा कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं ...और पढ़ें

    प्रशांत किशोर। फाइल फोटो

    प्रशांत किशोर। फाइल फोटो

    HighLights

    1. प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव 19,324 मतों से जीता।

    2. भाजपा और राजद के वोट प्रतिशत में भारी गिरावट आई।

    3. प्रशांत किशोर की जीत बिहार के विकास का संदेश।

    जागरण संवाददाता, पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनसुराज के सूत्रधार सह प्रत्याशी प्रशांत किशोर 19 हजार 324 मतों से विजयी घोषित किए गए हैं। भाजपा के नीरज कुमार दूसरे और राजद की रेखा कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं।

    एएन कॉलेज, पटना में सोमवार को 32 राउंड की गणना के बाद प्रशांत किशोर को 64 हजार 151, भाजपा के नीरज कुमार को 44 हजार 827 और राजद की रेखा कुमारी 14 हजार 273 मत मिले।

    पिछले वर्ष के आम चुनाव में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राजद की रेखा कुमारी को 51 हजार 936 मतों से हराया था। इस बार रेखा कुमारी अपनी जमानत भी नहीं बचा सकीं।

    2025 के आमचुनाव की तुलना में भाजपा का 28.26 और राजद का 18.60 प्रतशित वोट कम हुआ है। वहीं, जनसुराज का वोट 44.31 प्रतिशत बढ़ गया है। 2010 के बाद से पहला चुनाव है, जिसमें विजेता प्रत्याशी को 50 प्रतिशत से कम मत प्राप्त हुआ है। जीत का अंतर भी इस बार पिछले दो दशक में सबसे कम रहा है।

    दिग्गज नेताओं के केंद्रों पर भी नहीं मिली बढ़त

    प्रशांत किशारे पहले चरण से ही बढ़त बनाए रहे। तीसरे राउंड में मतों का अंतर सबसे कम रहा। वहीं, राजद प्रत्याशी प्रारंभ से अंत तक तीसरे स्थान पर रहीं। पूर्व केंद्रीय मंत्री सह सांसद रविशंकर प्रसाद, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सीपी ठाकुर, राज्य सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव व अशोक चौधरी के मोहल्लों से जुड़े मतदान केंद्रों पर भी प्रशांत किशोर ही बढ़त बनाए रहे।

    20 राउंड की गणना के बाद मतगणना केंद्र के आसपास से भाजपा और राजद समर्थकों की भीड़ कम होती गई और जनसुराज के समर्थक पीले गुलाल लगाकर जश्न की तैयारी में जुटने लगे। 31 राउंड में ही मतगणना निर्धारित था, लेकिन जहां वैलेट यूनिट में खराबी मतदान के क्रम में हुआ था, उसकी गणना के लिए अलग से 32 राउंड किया गया।

    बांकीपुर ने केंद्र को दिया बिहार के विकास का संदेश : प्रशांत

    प्रशांत किशोर ने जीत के कहा कि उपचुनाव में जीत को सिर्फ एक विधानसभा सीट की जीत नहीं हैं। यह जनादेश भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व तक बिहार की जनता की आकांक्षा पहुंचाने का संदेश है।

    खबरें और भी

    केंद्रीय नेतृत्व से बिहार में शिक्षा, रोजगार व पलायन रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन्होंने मत दिया उनका आभार, जिन्होंने नहीं दिया उनका भी सम्मान होगा। यह लोकतंत्र है, इसमें जीत-हार होती रहती है।

    जनता के निर्णय का सम्मान: सरावगी

    भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव के जनादेश को भारतीय जनता पार्टी सिर झुकाकर स्वीकार करती है और जनता के निर्णय का सम्मान करती है। लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है। वोट क्यों नहीं मिले इसकी गंभीरता से समीक्षा करेंगे। कमियों को समझकर उन्हें दूर करने के लिए पूरी मुस्तैदी से काम करेंगे।

    विधानसभा चुनाव मतदान प्रतिशत

    2026 : 34.31

    2025 : 41.35

    2020 : 35.91

    2015 : 40.25

    2010 : 36.96

    पिछले दो चुनावों में विभिन्न दलों को मिले मत

    वर्ष दल प्रत्याशी मत कुल मत का प्रतिशत (%)
    वर्ष 2026
    2026 जनसुराज प्रशांत किशोर 64,151 49.23
    2026 भाजपा नीरज कुमार 44,827 34.40
    2026 राजद रेखा कुमारी 14,273 10.95
    वर्ष 2025
    2025 भाजपा नितिन नवीन 98,299 62.66
    2025 राजद रेखा कुमारी 46,363 29.55
    2025 जनसुराज वंदना कुमारी 7,717 4.92

     

    यह भी पढ़ें- जागरण संपादकीय: उपचुनाव नतीजों का संदेश