अब AC कोच में RAC टिकट वालों को भी मिलेगा पूरा बेडरोल, रेलवे बोर्ड ने जारी किए निर्देश
रेलवे बोर्ड ने एसी श्रेणी के आरएसी यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है। अब उन्हें भी अन्य यात्रियों की तरह पूरा बेडरोल किट उपलब्ध कराना अ ...और पढ़ें

एसी कोच में आरएसी यात्रियों को मिलेगा पूरा बेडरोल (AI Generated Image)
HighLights
रेलवे बोर्ड ने आरएसी यात्रियों के लिए नया निर्देश जारी किया।
एसी कोच में पूरा बेडरोल किट देना अनिवार्य होगा।
लाखों आरएसी यात्रियों को अब समान सुविधा मिलेगी।
जागरण संवाददाता, पटना। रेलवे बोर्ड ने एसी श्रेणी में यात्रा करने वाले आरएसी यात्रियों को लेकर बड़ा निर्देश जारी किया है। अब एसी क्लास (एसी चेयर कार को छोड़कर) में यात्रा करने वाले प्रत्येक आरएसी यात्री को अन्य यात्रियों की तरह पूरा बेडरोल किट (चादर, कंबल, तकिया आदि) उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।
रेलवे बोर्ड ने मंगलवार को पूर्व मध्य रेल सहित सभी जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों को पत्र जारी कर कहा है कि आरएसी यात्रियों को बेडरोल उपलब्ध नहीं कराने अथवा अधूरा बेडरोल देने की शिकायतें लगातार विभिन्न माध्यमों से प्राप्त हो रही हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए बोर्ड ने अपने पूर्व के आदेशों को दोहराया है।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि एसी चेयर कार को छोड़कर सभी एसी श्रेणियों में यात्रा करने वाले प्रत्येक आरएसी यात्री को पूर्ण बेडरोल किट उपलब्ध कराई जाए। इसमें किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा और उन्हें अन्य वैध यात्रियों के समान सुविधा मिलेगी।
रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिया है कि इस आदेश की जानकारी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों तक तत्काल पहुंचाई जाए तथा इसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आईआरसीटीसी सहित संबंधित विभागों को भी इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
खबरें और भी
इस आदेश के लागू होने से देशभर में एसी कोचों में आरएसी टिकट पर यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी। अब उन्हें बेडरोल के लिए शिकायत करने की आवश्यकता नहीं होगी और यात्रा के दौरान अन्य यात्रियों के समान सुविधाएं मिल सकेंगी।