रेलवे में NTPC के 5,165 पदों पर भर्ती को मंजूरी, 3,477 ग्रेजुएट और 1,688 अंडरग्रेजुएट पद; 7 सितंबर से प्रक्रिया
रेलवे बोर्ड ने 2026 में एनटीपीसी के 5,165 पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है, जिसमें 3,477 स्नातक और ...और पढ़ें

रेलवे बोर्ड ने जारी किया भर्ती का शेड्यूल
HighLights
रेलवे बोर्ड ने 5,165 एनटीपीसी पदों को मंजूरी दी।
3,477 स्नातक और 1,688 स्नातक से नीचे के पद।
भर्ती प्रक्रिया 7 सितंबर से शुरू होगी, आवेदन तिथि बाकी।
जागरण संवाददाता, पटना। रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2026 में गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणी (NTPC) के 5,165 पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। इनमें स्नातक स्तर के 3,477 और स्नातक से नीचे के 1,688 पद शामिल हैं।
रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयों को स्वीकृत पदों के आधार पर भर्ती के लिए अंतिम मांग भेजने का निर्देश दिया है।
रेलवे बोर्ड ने जारी किया भर्ती का शेड्यूल
रेलवे बोर्ड की ओर से तीन सितंबर को जारी पत्र के अनुसार, जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयों से मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली के मांग प्रबंधन मॉड्यूल में प्राप्त एनटीपीसी रिक्तियों का आकलन किया गया।
इसके बाद सक्षम प्राधिकारी ने केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचना जारी करने के लिए इन पदों को मंजूरी दी है। वेतन स्तर-6 में स्टेशन मास्टर के स्वीकृत पदों की जानकारी बाद में अलग से दी जाएगी।
ग्रेजुएट लेवल पर 3,477 पद स्वीकृत
स्नातक स्तर की एनटीपीसी भर्ती में सबसे अधिक 2,750 पद मालगाड़ी प्रबंधक के हैं। इसके अलावा मुख्य वाणिज्यिक सह टिकट पर्यवेक्षक के 56, कनिष्ठ लेखा सह टंकक के 300 और वरिष्ठ लिपिक सह टंकक के 371 पद स्वीकृत किए गए हैं।
पद स्वीकृत पद
- मालगाड़ी प्रबंधक 2,750
- मुख्य वाणिज्यिक सह टिकट पर्यवेक्षक 56
- कनिष्ठ लेखा सह टंकक 300
- वरिष्ठ लिपिक सह टंकक 371
- कुल 3,477
- अंडरग्रेजुएट के लिए 1,688 पद
स्नातक से नीचे की श्रेणी में ट्रेन लिपिक के 188, वाणिज्यिक सह टिकट लिपिक के 700, लेखा लिपिक सह टंकक के 200 और कनिष्ठ लिपिक सह टंकक के 600 पद मंजूर किए गए हैं। दोनों श्रेणियों को मिलाकर एनटीपीसी के कुल 5,165 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ हो गया है।
7 से 15 सितंबर तक भेजी जाएगी अंतिम मांग
रेलवे बोर्ड के अनुसार संबंधित जोनल इकाइयां और उत्पादन इकाइयां 7 से 15 सितंबर 2026 तक अंतिम मांग दर्ज करेंगी। इसके बाद मुख्य कार्मिक अधिकारी कार्यालय स्तर पर 16 से 22 सितंबर, रेलवे भर्ती बोर्ड स्तर पर 23 से 25 सितंबर और नोडल रेलवे भर्ती बोर्ड स्तर पर 26 सितंबर से आगे की प्रक्रिया होगी।
आवेदन की तारीख अभी नहीं हुई जारी
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि स्वीकृत पदों से अधिक पदों की मांग नहीं भेजी जाए। साथ ही एससी, एसटी, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस समेत निर्धारित आरक्षण नियमों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
फिलहाल अभ्यर्थियों के आवेदन की तारीख, आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता, परीक्षा शुल्क और परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी जारी नहीं हुई है। ये विवरण केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचना जारी होने के बाद स्पष्ट होंगे।
यह भी पढ़ें- BPSC 72वीं में पदों की संख्या घटाई गई, अब 1187 पदों पर होगी परीक्षा; DSP के दो पद कम
