मोकामा में राजेंद्र पुल के समानांतर नए रेल ब्रिज पर जल्द दौड़ेंगी ट्रेन, 21 सितंबर से NI कार्य
राजेंद्र पुल के समानांतर नवनिर्मित रेल पुल पर 21 सितंबर से नॉन-इंटरलाकिंग कार्य शुरू करने की तैयारी है, जिसका पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक ने निरीक्षण किया।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
राजेंद्र पुल के समानांतर नए रेल पुल पर 21 सितंबर से एनआई कार्य।
महाप्रबंधक ने नए रेल पुल और स्टेशनों की तैयारियों का जायजा लिया।
नए पुल से मोकामा क्षेत्र में रेल परिचालन क्षमता में वृद्धि होगी।
जागरण संवाददाता, पटना। राजेंद्र पुल, मोकामा के समानांतर नवनिर्मित रेल पुल पर परिचालन शुरू करने की दिशा में रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
21 सितंबर से प्रस्तावित नॉन-इंटरलाकिंग (एनआई) कार्य को लेकर शनिवार को पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने पुल का स्थल निरीक्षण किया।
उन्होंने संबंधित सभी एजेंसियों के साथ दानापुर और सोनपुर मंडल की टीमों की मौजूदगी में एनआई कार्य से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
महाप्रबंधक ने कार्य को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। राजेंद्र पुल के समानांतर बने इस नए रेल पुल के चालू होने से मोकामा क्षेत्र में रेल परिचालन को अतिरिक्त क्षमता मिलने की उम्मीद है।
एनआई के दौरान नई रेल लाइन और उससे जुड़े सिग्नलिंग व परिचालन तंत्र को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने का काम किया जाएगा। इसे लेकर विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने संरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेल ट्रैक, पुलों और अन्य परिचालन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं का भी जायजा लिया।
अधिकारियों को दिया निर्देश
उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। इस दौरान दानापुर के डीआरएम विनोद कुमार ने नए रेल पुल से संबंधित जानकारी दी।
इसके अलावा महाप्रबंधक ने सोनपुर मंडल के शाहपुर पटोरी, बरौनी, मानसी और काढ़ागोला रोड स्टेशनों का भी निरीक्षण किया। शाहपुर पटोरी स्टेशन पर प्लेटफार्म, फुट ओवरब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया, पैनल रूम, स्टेशन मास्टर कक्ष और शौचालय समेत यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया गया।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने स्टेशन पर बेहतर और टिकाऊ फ्लोरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बरौनी, मानसी और काढ़ागोला रोड स्टेशनों पर भी यात्री सुविधाओं और संरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन सहित पूर्व मध्य रेल मुख्यालय और मंडल के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- मोकामा में नए राजेंद्र पुल को जोड़ने का काम शुरू, 21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक 47 ट्रेनें रहेंगी रद
