यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 29, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Politics: 'नीतीश को देखा है और देख लेंगे...', EVM पर क्या बोल गए लालू; अचानक दिल्ली क्यों पहुंचे राजद अध्यक्ष
बिहार में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं जिससे पहले लालू यादव का बयान सामने आया है। लालू यादव ने बिहार में EVM की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराने की प ...और पढ़ें

HighLights
- रूटीन चेकअप के लिए दिल्ली गए राजद सुप्रीमो लालू यादव
- विधानसभा चुनाव में किया राजद की जीत का दावा
राज्य ब्यूरो, पटना। विधानसभा की चार सीटों के उप चुनाव में करारी पराजय के बाद भी राजद का हौसला पस्त नहीं हुआ है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के बयान से यह स्पष्ट होता है। शुक्रवार को रूटीन चेकअप के लिए दिल्ली रवाना होते समय उन्होंने जोर देकर कहा कि अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में राजद की विजय होगी। महागठबंधन को पूर्ण बहुमत मिलेगा। इसी के साथ उन्होंने इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के बजाय बैलेट पेपर से मतदान की पैरोकारी भी की।
2025 में होगा विधानसभा चुनाव
- बिहार में अगले साल विधानसभा चुनाव (Bihar Vidhan Sabha Chunav 2025) होना है।
- चुनाव की तैयारियों के लिए जदयू ने मिशन 225 की शुरुआत भी कर दी है।
- प्रदेश की 243 विधानसभा सीटों में जदयू ने 225 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है।
- साल 2020 के विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में सामने आई राजद की ओर से भी जीत का दावा किया जा रहा है।
- साल 2020 में बिहार में 3 चरणों में वोटिंग हुई थी।
- पहले चरण में 28 अक्टूबर 2020 को 71 सीटों के लिए, दूसरे चरण में 3 नवंबर 2020 को 94 सीटों के लिए और तीसरे चरण में 7 नवंबर 2020 को 78 सीटों पर वोटिंग हुई।
- 10 नवंबर 2020 को चुनाव के नतीजे जारी हुए।
EVM की जगह बैलेट पेपर से हो चुनाव
राजद सुप्रीमों से जब कहा गया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगा। तब उन्होंने कंधे उचकाते हुए कहा कि हमारी पार्टी जीतेगी, उन्हें (नीतीश) हमने देखा है और देखेंगे। उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद विपक्षी दल एक बार फिर ईवीएम पर आशंका प्रकट कर रहे हैं।
लालू से पहले 26 नवंबर को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ईवीएम की जगह बैलेट पेपर के उपयोग की मांग की थी। आरोप लगाया था कि 'ईवीएम के कारण एससी, एसटी, ओबीसी और गरीब समुदायों के वोट बर्बाद हो रहे हैं।' हालांकि, सर्वोच्च न्यायालय ईवीएम को दरकिनार करने से संबंधित याचिका को निरस्त करते हुए कह चुका है कि चुनाव हारने पर ईवीएम बुरा लगता है और जीत जाने पर नेता चुप्पी साध लेते हैं।
एक बार फिर सिंगापुर जाने की चर्चा
लालू रूटीन चेकअप के लिए दिल्ली गए हैं। सोमवार दो दिसंबर को वे पटना लौटेंगे। इससे पहले अगस्त में वे हेल्थ चेकअप के लिए सिंगापुर गए थे। उनके एक बार फिर सिंगापुर जाने की चर्चा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो रही। सिंगापुर में उनकी पुत्री रोहिणी आचार्य रहती हैं, जिन्होंने लालू को अपनी किडनी दी हुई है।
खबरें और भी
पांच दिसंबर, 2022 को सिंगापुर के माउंट एलिजाबेथ अस्पताल में किडनी प्रत्यारोपण हुआ था। उसके बाद लालू 11 फरवरी, 2023 को देश लौट आए थे। लगभग दो महीने तक दिल्ली में रहने के बाद वे पटना लौटे। लोकसभा चुनाव में अपनी पुत्रियों (मीसा भारती और रोहिणी आचार्य) के लिए क्रमश: पाटलिपुत्र और सारण में सक्रिय रहे। मीसा तो लोकसभा पहुंच गईं, लेकिन रोहिणी पराजित हो गई थीं।