यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 07, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Politics: रोहिणी से लेकर शांभवी तक... वो कैंडिडेट; जो लोकसभा चुनाव से कर रहे पॉलिटिकल करियर की शुरुआत
Lok Sabha Elections 2024 बिहार में लोकसभा चुनाव की जंग इस बार अनोखी है। यह पहला मौका है जब लोकसभा चुनाव में एक दर्जन से अधिक नाम ऐसी श्रेणी हैं जो पह ...और पढ़ें

भुवनेश्वर वात्स्यायन, पटना। बिहार में लोकसभा चुनाव की जंग इस बार अनोखी है। लोकसभा चुनाव में यह पहला मौका है जब एक दर्जन से अधिक नाम इस श्रेणी के सामने आए हैं, जो पहली बार लोकसभा चुनाव मैदान में हैं। इनमें से भी अब तक आधा दर्जन नाम ऐसे हैं जाे अपने राजनीतिक करियर का आरंभ ही लोकसभा चुनाव से कर रहे हैं। ये सभी दलीय प्रत्याशी हैं।
लोकसभा चुनाव से ही राजनीतिक करियर का डेब्यू
अब तक आधा दर्जन दलीय प्रत्याशी के नाम इस रूप में सामने आए हैं, जो अपने राजनीतिक करियर का डेब्यू ही लाेकसभा चुनाव से कर रहे। इनमें पक्ष और विपक्ष दोनों गठबंधन के प्रत्याशी हैं। छपरा से मैदान में राजद के प्रत्याशी के रूप में जनसंपर्क कर रहीं रोहिणी आचार्य का नाम इसमें प्रथम है।
इसी तरह मंत्री अशोक चौधरी की पुत्री शांभवी चौधरी भी समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र से लोजपा के टिकट पर अपना राजनीतिक डेब्यू कर रहीं हैं। मुंगेर से राजद की टिकट पर अशोक महतो की पत्नी अनिता महतो भी पहली बार लोकसभा चुनाव से ही आरंभ कर रहीं हैं।
जमुई में एनडीए प्रत्याशी के रूप में लोजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे अरुण भारती भी अपने राजनीतिक करियर का डेब्यू कर रहे हैं। सिवान से एनडीए प्रत्याशी के रूप में जदयू के टिकट पर मैदान में उतरी विजयलक्ष्मी का भी यह पहला चुनाव है।
खबरें और भी
सासाराम से शिवेश राम भी भाजपा की टिकट पर लोकसभा चुनाव में डेब्यू कर रहे हैं। इन नामाें के अतिरिक्त कई अन्य नाम लाइन में भी हैं, जो अपने राजनीतिक करियर का आरंभ लोकसभा चुनाव से करने की तैयारी में हैं।
विधायक रहे नेताओं की भी संख्या कम नहीं
ऐसे राजनीतिज्ञों की संख्या कम नहीं जो विधायक हैं या फिर रहे हैं और पहली बार लोकसभा चुनाव के मैदान में दलीय प्रत्याशी के रूप में हैं। इनमें कांग्रेस की टिकट पर भागलपुर से महागठबंधन प्रत्याशी के रूप में लड़ रहे अजीत शर्मा का नाम सबसे ऊपर है।
जदयू छोड़कर राजद में गयीं पूर्व मंत्री बीमा भारती को राजद ने पूर्णिया लोकसभा से उम्मीदवार बनाया है। इसी कतार में जदयू के पूर्व विधायक अभय कुशवाहा का भी नाम है। जदयू को छोड़ वह राजद मे गए और फिर राजद ने उन्हें औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र से अपना उम्मीदवार बनाया है।
भाजपा के विधायक रहे मिथिलेश तिवारी को उनके दल ने बक्सर लोकसभा क्षेत्र से उतारा है। उनका भी यह पहला लोकसभा चुनाव है। राजद विधायक सुधाकर सिंह भी पहली बार बक्सर से ही राजद के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।
इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर से राजभूषण निषाद का नाम है। वह विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं, पर पहली बार भाजपा ने उन्हें लोकसभा चुनाव में उतारा है।
यह भी पढ़ें: Bihar Teachers: 1 लाख 87 हजार Niyojit Sikshak जल्द बनेंगे राज्यकर्मी, जानें कहां तक पहुंची पदस्थापन की प्रक्रिया?