तेज प्रताप यादव को सता रही चिंता, केंद्र और राज्य सरकार से की अपील; बोले- समय रहते जरूरी कदम उठाना बेहद जरूरी
राजद नेता तेज प्रताप यादव ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और केंद्र व बिहार सरकार से पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की अपील की है।

तेज प्रताप यादव ने मांगी सुरक्षा। फाइल
डिजिटल डेस्क, पटना। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
उन्होंने केंद्र सरकार और बिहार सरकार से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने और उन्हें तत्काल पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की अपील की है।
तेज प्रताप ने कहा है कि पिछले कुछ दिनों से उनकी सुरक्षा को लेकर लगातार गंभीर परिस्थितियां उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर अपनी सुरक्षा से जुड़ी घटनाओं का जिक्र किया।
उन्होंने बताया कि दो दिन पहले उनके आवास के बाहर दो लोगों को शराब के नशे में पकड़ा गया था। इसकी सूचना सचिवालय थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
आवास के बाहर परिजनों के जुटने पर जताई चिंता
तेज प्रताप ने कहा कि दोनों लोगों को पुलिस के हवाले किए जाने के बाद संबंधित लोगों के परिजन उनके आवास के बाहर पहुंच गए और वहां घेराव किया। उन्होंने इसे सुरक्षा की दृष्टि से बेहद चिंताजनक घटना बताया।
उनका कहना है कि इस तरह की घटनाओं को सामान्य तौर पर नहीं लिया जाना चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके।
देश के कई हिस्सों में प्रस्तावित हैं कार्यक्रम
तेज प्रताप ने अपने पोस्ट में कहा कि बिहार के अलावा देश के विभिन्न हिस्सों में उनके कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण उनके आवागमन और सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होने पर भी असर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रही घटनाओं को देखते हुए उनकी सुरक्षा को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। उनके अनुसार, सार्वजनिक जीवन में सक्रिय होने के कारण उन्हें अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रमों में शामिल होना पड़ता है और ऐसे में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है।
केंद्र और राज्य सरकार से की अपील
तेज प्रताप यादव ने केंद्र सरकार और बिहार सरकार से अपील करते हुए कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जाए। साथ ही उनके आवास और आवागमन की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाए और उन्हें तत्काल पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए समय रहते आवश्यक कदम उठाना बेहद जरूरी है।
यह भी पढ़ें- तेज प्रताप यादव को दिखा रावण का 'पुष्पक विमान', CM सम्राट चौधरी से पूछा- जमीन पर कब उतरेंगे?
