Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बांकीपुर उपचुनाव: 'सुदर्शन चक्र चलाएंगे': वीणा मानवी की गिरफ्तारी पर भड़के तेज प्रताप, बोले-पता है क‍िसने की साजिश

    Updated: Mon, 13 Jul 2026 02:24 PM (IST)

    तेज प्रताप यादव ने बांकीपुर उपचुनाव में जनशक्ति जनता दल की प्रत्याशी वीणा मानवी की गिरफ्तारी को राजनीतिक साजिश बताया है। उन्होंने बिहार सरकार और भाजपा ...और पढ़ें

    HighLights

    1. तेज प्रताप ने वीणा मानवी की गिरफ्तारी को साजिश बताया।

    2. उन्होंने बिहार सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला।

    3. तेज प्रताप ने अदालत जाने और आंदोलन की चेतावनी दी।

    ड‍िज‍िटल डेस्‍क, पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनशक्ति जनता दल (JJD) की प्रत्याशी वीणा मानवी की गिरफ्तारी के बाद पार्टी अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने राज्य सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है।

    उन्होंने गिरफ्तारी को राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि उनकी पार्टी इस मामले को अदालत में ले जाएगी। उन्‍होंने कहा क‍ि बिहार लौटने के बाद सरकार का घेराव करेंगे। 

    तेज प्रताप यादव ने एक्‍स पर वीड‍ियो जारी कर कहा कि वीणा मानवी के खिलाफ कोई वास्तविक मामला नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बढ़ती लोकप्रियता और चुनाव में मजबूत स्थिति से घबराकर सरकार ने उन्हें फंसाया है।

    'सरकार ने रची साजिश'

    तेज प्रताप यादव ने कहा, यह पूरी तरह सरकार की साजिश है। वीणा मानवी आधी आबादी की आवाज उठा रही थीं। वह एक अच्छी और लोकप्रिय उम्मीदवार हैं। उनकी लोकप्रियता से घबराकर उन्हें जानबूझकर फंसाया गया है।

    उन्होंने सवाल उठाया कि गिरफ्तारी वारंट नामांकन के दिन ही क्यों लागू किया गया। उनके अनुसार, यदि मामला पहले से था तो कार्रवाई पहले भी हो सकती थी।

    'बिहार आकर करूंगा सरकार का घेराव'

    तेज प्रताप ने कहा कि वह फिलहाल दिल्ली में हैं, लेकिन जल्द बिहार लौटकर इस मुद्दे पर सरकार के खिलाफ आंदोलन करेंगे।

    उन्होंने कहा, जिस तरह एक महिला प्रत्याशी को प्रताड़ित किया गया है, वह बेहद गलत है। बिहार आकर सरकार का घेराव करूंगा।

    अपने बयान में तेज प्रताप ने धार्मिक संदर्भ भी दिया। उन्होंने कहा, जब किसी महिला के साथ अन्याय होता है तो भगवान कृष्ण का सुदर्शन चक्र चलता है। बिहार पहुंचते ही मेरा भी सुदर्शन चक्र चलेगा।

    उन्होंने दावा किया कि वीणा मानवी चुनाव जीतने की स्थिति में थीं, इसलिए उन्हें चुनावी मुकाबले से बाहर करने के लिए यह कार्रवाई की गई।

    कोर्ट जाने की तैयारी

    तेज प्रताप यादव ने कहा कि उनकी पार्टी कानूनी लड़ाई भी लड़ेगी। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी के खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाया जाएगा और पूरे मामले की सच्चाई जनता के सामने लाई जाएगी।

    उन्होंने यह भी कहा कि बिहार पहुंचने के बाद वह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी साजिश का खुलासा करेंगे। क‍िसने साजिश रची है वे जानते हैं। 

    भाजपा और पीके पर साधा निशाना

    तेज प्रताप ने भाजपा और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (पीके) पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दोनों चुनाव हार रहे हैं और इसी वजह से उनकी पार्टी की प्रत्याशी को निशाना बनाया गया।

    उन्होंने कहा, भाजपा और पीके हार रहे हैं। वीणा मानवी जीत रही थीं, इसलिए उन्हें जानबूझकर फंसाया गया। हमारी उम्मीदवार के साथ जो हुआ, वह अन्याय है और बांकीपुर की जनता सब देख रही है।

    यह भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव: नामांकन के तुरंत बाद गिरफ्तार हुईं तेज प्रताप यादव की प्रत्याशी वीणा मानवी, DM ऑफ‍िस में हंगामा