विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखीसराय हादसे पर तेजस्वी यादव ने सम्राट सरकार को घेरा, बोले- एनडीए सरकार की प्रशासनिक कुव्यवस्था

Published: Mon, 17 Aug 2026 10:37 AM (IST)

Lakhisarai Ashokdham Temple Stampede: लखीसराय के अशोक धाम में सावन की तीसरी सोमवारी पर हुए हादसे में 7 श्रद्धालुओं की ...और पढ़ें

नेता प्रत‍िपक्ष तेजस्‍वी यादव ने सरकार को बताया ज‍िम्‍मेदार। फाइल

नेता प्रत‍िपक्ष तेजस्‍वी यादव ने सरकार को बताया ज‍िम्‍मेदार। फाइल

HighLights

  1. अशोक धाम हादसे में 7 श्रद्धालुओं की दुखद मृत्यु हुई।

  2. तेजस्वी यादव ने सरकार की प्रशासनिक कुव्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।

  3. मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये मुआवजा दिया।

डिजिटल डेस्क, पटना। Ashokdham Temple Stampede: सावन की तीसरी सोमवारी पर लखीसराय के अशोक धाम में हुए दर्दनाक हादसे को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है।

उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए इसे सरकार की प्रशासनिक कुव्यवस्था का परिणाम बताया है। तेजस्वी यादव ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा कि जलाभिषेक के दौरान बिजली का तार गिरने से करंट फैल गया।

इसके बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। हादसे में कई श्रद्धालु घायल हुए, जबकि सात लोगों की असामयिक मृत्यु की खबर से वह मर्माहत हैं।

मृतक के स्‍वजन को उचित मुआवजा दे सरकार 

उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की उचित सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन का अभाव एनडीए सरकार की प्रशासनिक कुव्यवस्था को दर्शाता है।

तेजस्वी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी। तेजस्वी यादव ने सरकार से मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और घायलों के त्वरित एवं बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। 

मुख्यमंत्री ने भी जताया दुख, चार-चार लाख रुपये मुआवजे का एलान

अशोक धाम हादसे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी गहरा दुख जताया है। उन्होंने घटना को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घायलों के समुचित और त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

मुख्यमंत्री ने हादसे में मृतकों के निकटतम आश्रितों को राज्य सरकार की ओर से चार-चार लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदना और प्रतिबद्धता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।

नीतीश कुमार ने भी जताई संवेदना

राज्यसभा सदस्य नीतीश कुमार ने भी अशोक धाम मंदिर में हुई भगदड़ की घटना पर दुख जताया। उन्होंने हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु पर मर्माहत होने की बात कही और शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

सावन की सोमवारी के कारण अशोक धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान बिजली का तार गिरने से करंट फैलने और उसके बाद भगदड़ की स्थिति उत्पन्न होने की बात सामने आई है।

घटना के बाद प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य तेज किया गया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

यह भी पढ़ें- बिहार: लखीसराय के मंदिर में करंट की अफवाह से भगदड़; 7 महिलाओं की मौत, कई श्रद्धालु घायल