विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'गरीब ही मारा जा रहा...', जहरीली शराब से मौतों पर तेजस्वी का सरकार पर हमला, दलित-अतिपिछड़ों का उठाया मुद्दा

Published: Mon, 31 Aug 2026 12:53 PM (GMT+05:30)

तेजस्वी यादव ने पटना में RJD की बैठक में जहरीली शराब से मौतों और विपक्ष पर FIR को लेकर सरकार ...और पढ़ें

तेजस्‍वी यादव ने सरकार पर साधा न‍िशाना। फाइल

तेजस्‍वी यादव ने सरकार पर साधा न‍िशाना। फाइल

HighLights

  1. तेजस्वी ने जहरीली शराब से 4 मौतों पर सरकार को घेरा।

  2. विपक्ष पर FIR और राहुल गांधी के बयान पर बात की।

  3. RJD संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति।

डिजिटल डेस्क, पटना। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी सिलसिले में सोमवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के 1 पोलो रोड स्थित आवास पर पार्टी नेताओं की बैठक हुई।

बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनता के बीच लगातार संवाद बढ़ाने और आने वाले राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा हुई।

बैठक में शामिल होने पहुंचे तेजस्वी यादव ने बिहार में जहरीली शराब से चार लोगों की मौत, प्रदेश की कानून-व्यवस्था, कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर और पार्टी के संगठनात्मक विस्तार को लेकर अपनी बात रखी।

'जो जनता के लिए लड़ता है, उसी पर होती है एफआईआर'

राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि विपक्ष के नेताओं पर ही एफआईआर की जाती है। उन्होंने कहा कि जो जनता के लिए लड़ता है, प्रशासन उसी के खिलाफ एफआईआर करता है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। जनता के मुद्दों को उठाना विपक्ष का दायित्व है और इसके लिए पार्टी लगातार संघर्ष करती रहेगी।

जहरीली शराब से चार मौतों पर सरकार को घेरा

बाढ़ में जहरीली शराब पीने से चार लोगों की मौत की घटना पर तेजस्वी यादव ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी जहरीली शराब के कारण लोगों की जान जा चुकी है।

तेजस्वी ने आरोप लगाया कि प्रशासन पूरी तरह लापरवाह है और कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं।

लगातार गरीबों की जान जा रही है। खासकर दलित और अतिपिछड़े समाज के लोग इन घटनाओं से प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

'मजबूत संगठन के लिए लोगों से करना होगा संवाद'

आरजेडी के संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर तेजस्वी यादव ने कहा कि इसके लिए लोगों के बीच जाना होगा और उनसे संवाद करना होगा। पार्टी इसी दिशा में काम कर रही है।  

पार्टी की ओर से मिली जानकारी के अनुसार 27 सितंबर तक लगातार बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में जनता के बीच जाने, संगठन बनाने और उसे सक्रिय रूप से चलाने को लेकर महत्वपूर्ण फैसले लिए जाएंगे।

1 पोलो रोड पर जुटे RJD के नेता

तेजस्वी यादव के आवास पर हुई बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल समेत कई नेता शामिल हुए। बैठक में संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के साथ आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार बैठकें करेगी। कार्यकर्ताओं को जनता के बीच सक्रिय रहने और स्थानीय मुद्दों को मजबूती से उठाने का निर्देश दिया जाएगा।

राहुल गांधी के बयान पर क्या बोले तेजस्वी?

राहुल गांधी के दलित छात्रों से स्कूल में झाड़ू-पोछा कराए जाने संबंधी बयान पर तेजस्वी यादव ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम के बाद कथित शुद्धीकरण की घटना का जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि "इसी मानसिकता के खिलाफ तो हमारी लड़ाई है।" तेजस्वी ने कहा कि भेदभाव और छुआछूत करने वालों के लिए समाज में जगह नहीं होनी चाहिए। सामाजिक समानता और सम्मान के लिए संघर्ष जारी रहना चाहिए।

यह भी पढ़ें- पटना में शराब पार्टी के बाद चार मौतों की गुत्थी उलझी, पांचवें गिलास ने बढ़ाया रहस्य; डॉक्‍टर ने द‍िए ये संकेत