'ड्राइवर तो मुख्यमंत्री की भी हत्या कर सकता है...'; EO हत्याकांड में पुलिस के तर्क पर तेजस्वी का तंज
तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी सरकार पर बढ़ते अपराध और अधिकारी की हत्या को लेकर हमला बोला। उन्होंने डेहरी के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या माम ...और पढ़ें

HighLights
तेजस्वी ने सम्राट चौधरी सरकार पर अपराध बढ़ने का आरोप लगाया।
डेहरी ईओ विमल कुमार हत्याकांड में विधायक पर एफआईआर की मांग।
पुलिस और सरकार पर विधायक को बचाने का आरोप लगाया।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सम्राट चौधरी सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला।
उन्होंने डेहरी के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार हत्याकांड में लोजपा (रामविलास) के विधायक सोनू सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
विधायक को बचाने में जुटा पूरा तंत्र
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि पूरे सरकारी और पुलिस तंत्र का इस्तेमाल विधायक को बचाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार के लगभग 150 दिनों के कार्यकाल में दो अधिकारियों की हत्या हो चुकी है।
तेजस्वी ने सवाल उठाया कि बिना एफएसएल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आईजी ने चालक को ही हत्यारा कैसे घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों ने विधायक सोनू सिंह समेत अन्य लोगों की भूमिका और रंगदारी मांगने के आरोप लगाए हैं, लेकिन पुलिस उस दिशा में जांच नहीं कर रही।
उन्होंने इस तर्क पर सवाल उठाया कि काम के प्रेशर में चालक ने हत्या की। उन्होंने कहा कि छुट्टी नहीं मिलेगी, काम का बोझ ज्यादा होगा तब तो वह ड्राइवर सीएम की भी हत्या कर सकता है। मेरे साथ भी ऐसा हो सकता है। यह पूरी तरह हास्यास्पद है।
शरीर पर मिले जख्म बता रहे, एक व्यक्ति ने नहीं की हत्या
तेजस्वी ने दावा किया कि मृतक के शरीर पर मिले चोट के निशान एक से अधिक हमलावरों की ओर इशारा करते हैं। उन्होंने कहा कि चालक कई बार अपना बयान बदल चुका है, फिर भी पुलिस उसी के बयान को आधार बनाकर जांच आगे बढ़ा रही है।
खबरें और भी
उन्होंने पुलिस की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों का भी पालन नहीं किया जा रहा। इस दौरान उन्होंने आईजी पर भी प्रश्न उठाए।
अपने अधिकारी के परिवार से मिलने का समय नहीं
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा कि उनके पास सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने का समय है, लेकिन पीड़ित अधिकारी के परिवार से मिलने का समय नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में मनचाही पोस्टिंग के लिए भ्रष्टाचार हो रहा है और कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। भरत तिवारी एनकाउंटर और बंटी यादव के मामले का जिक्र करते हुए भी उन्होंने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
सम्राट के 150 दिन के कार्यकाल में दो चुनाव हारी भाजपा
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों पर तेजस्वी ने कहा कि उनकी पार्टी जनादेश का सम्मान करती है, लेकिन यह परिणाम भाजपा और मुख्यमंत्री के खिलाफ जनता के आक्रोश का संकेत है।
उन्होंने दावा किया कि सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद भाजपा 150 दिनों के भीतर दो चुनाव हार चुकी है। एक एमएलसी का और दूसरा विधायक का। लेकिन सरकार केवल विपक्ष को निशाना बनाने की राजनीति कर रही है।