Vaibhav Suryavanshi: क्रिकेट को नए रोमांच के दौर में ले गए वैभव सूर्यवंशी, बल्ले से बदला खेल का व्याकरण
समस्तीपुर के 15 वर्षीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में अपने तूफानी प्रदर्शन से क्रिकेट के पारंपरिक व्याकरण को बदल दिया है। उन्होंने कम उम्र में ...और पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी
HighLights
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में किया शानदार प्रदर्शन।
बल्ले से बदला क्रिकेट का पारंपरिक व्याकरण और धारणाएं।
कम उम्र में रणजी पदार्पण, कई रिकॉर्ड किए अपने नाम।
अक्षय पांडेय, पटना। 20 ओवर का नहीं, उसके लिए 120 गेंदों का मैच। प्रतीक्षा जीत-हार की नहीं, इंतजार बस एक बल्लेबाज के पिच पर आने भर का। उसके चौकों-छक्कों पर मानो खुद के लिए ताली बजाने का सुख।
आइपीएल की सारी टीमें, सभी खिलाड़ी एक तरफ। राजस्थान रायल्स के लिए खेलता बिहार के समस्तीपुर का लड़का एक तरफ।
मुकाबला तभी तक, जब तक वैभव। सफेद गेंदों को सीमा रेखा के पार पहुंचाते-पहुंचाते वैभव सूर्यवंशी क्रिकेट नई चकाचौंध दे गए।
बैट-बाल वाले खेल में हवा से बात करती गेंद से दुनिया को संदेश दिया कि तुलना करेंगे किससे, मैं तो अकेला सूर्य हूं। 15 वर्षीय क्रिकेटर ने बल्ला थामा और 20 ओवर के खेल को रोमांच के नए दौर पर ला खड़ा किया।
पिच पर तूफान, मैदान पर संस्कार
12 वर्ष में रणजी ट्राफी खेल कीर्तिमान से मित्रता का हाथ बढ़ाने वाला खिलाड़ी अपने लंबे-लंबे छक्कों की तरह हमेशा सरल और सहज रहा।
इसबार आइपीएल में खेले 16 मैचों में पिच पर उतरने के पहले प्रसन्न और पवेलियन लौटने के बाद गुमसुम दिखते वैभव ने जितना रन लेने के लिए दौड़ नहीं लगाई, उससे ज्यादा सीनियर का पैर छूने के लिए मैदान पर सरपट भागे।
वैभव ने क्रिकेट का व्याकरण बदला और पुरानी धारणाओं को भी ध्वस्त कर दिया। अकेले पूरी टीम का भार सचिन, कोहली पर भी रहा, पर उम्र के इतने कम पड़ाव पर कभी नहीं।
पारंपरिक धारणाओं को दी चुनौती
वैभव की सफलता ने क्रिकेट की पारंपरिक धारणाओं को चुनौती दी।
लंबे अनुभव को सफलता की पहली शर्त मानने वाले सोच के बीच उन्होंने दिखाया कि अवसर मिलने पर युवा खिलाड़ी बड़े मुकाबलों का रुख बदल सकते हैं।
15 वर्ष में उनकी बल्लेबाजी ने चयनकर्ताओं, प्रशिक्षकों और क्रिकेट विशेषज्ञों को संकेत दिया है कि प्रतिभा की पहचान उम्र नहीं, प्रदर्शन से होनी चाहिए।
आइपीएल जैसे मंच पर उनकी चमक ने देश के हजारों उभरते खिलाड़ियों के भीतर यह विश्वास जगाया है कि मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर बड़े सपनों को जल्दी भी हासिल किया जा सकता है।
बल्ले से क्रिकेट का व्याकरण किया परिवर्तित
वैभव के तूफानी अवतरण ने क्रिकेट का व्याकरण को परिवर्तित कर दिया।
टी-20 में धारणा थी कि शुरुआत में पिच और गेंदबाज का मिजाज भांपना चाहिए, लेकिन वैभव ने पुराने सोच को अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से ध्वस्त कर दिया।
जसप्रीत बुमराह, पैट कमिंस, कगिसो रबादा, मिचेल स्टार्क, हैजलबुड, जैसे दिग्गज तेज गेंदबाजों को बिना हिचकिचाहट पीट ये बताया कि अब ख्याति या नाम का सम्मान करने का दौर खत्म हो चुका है।
वैभव ने सिखाया कि क्रिकेट में अब रक्षात्मक होकर पारी संवारने की बजाय, पहली ही गेंद से विपक्षी टीम के मनोबल पर प्रहार करना जीत की असली कुंजी है।
उन्होंने खेल पंडितों और दर्शकों में ये समझ पैदा की कि इस प्रारूप में ''युवा और अनुभवहीन'' जैसे शब्द पूरी तरह बेमानी हो गए हैं।
वैभव की परिपक्वता ने करोड़ों खेल प्रेमियों को संदेश दिया लोग स्टेडियम में किसी खिलाड़ी का तजुर्बा देखने नहीं, बल्कि अब उस बेखौफ जज्बे को सलाम करने आएंगे जिसने क्रिकेट को उसके सबसे रोमांचक दौर में ला खड़ा किया है।
समर्पण, परिश्रम और अवसर ने बदल दी किस्मत
12 साल 284 दिन की उम्र में अगर कोई रणजी खेल जाता है, तो उसमें प्रतिभा होगी ही, अवसर के बिना सब बेकार है।
तत्कालीन बीसीए अध्यक्ष राकेश तिवारी ने कोशिश कर वैभव को मौके दिए। वैभव ने सभी अवसरों को भुनाया।
पटना में अकादमी के संचालन कर रहे वैभव के कोच मनीष ओझा कहते हैं मेरे पास नौ से 10 साल की उम्र में आए वैभव के पास दो चीज खास थी।
एक उसका परिश्रम, दूसरा पिता का समर्पण। पिता समस्तीपुर से 100 किलोमीटर दूर पटना वैभव को अभ्यास कराने के लिए सुबह पांच बजे निकल पड़ते थे।
उन्होंने पहले घर की छत पर उसे अभ्यास कराया, बाद में घर के बगल की खाली जमीन पर सीमेंटेड एवं टर्फ विकेट बना दिया।
वैभव के कीर्तिमान
- 12 वर्ष और 284 दिन की उम्र में रणजी ट्राफी में पदार्पण
- 42 गेंदों में 144 रन राइजिंग स्टार्स एशिया कप में बनाए
- 61 गेंदों में 108 रन सैयद मुश्ताक अली टी-20 में बनाए
- 84 गेंदों में 190 रन विजय हजारे प्रतियोगिता में बनाए
- 95 गेंदों में 171 रन अंडर-19 एशिया कप में बनाए
- 2025 के आइपीएल में 38 गेंदों में खेली 101 रन की पारी
- 2026 के आइपीएल में 37 गेंदों में 103 रन की पारी खेली
- 776 रन आइपीएल 2026 में 48 की औसत एवं 237 के स्ट्राइक रेट से बनाए
- 72 छक्के और 63 चौके एक आइपीएल सत्र में सबसे अधिक लगाए
- 1028 रन आइपीएल को दो सत्रों में 440 गेंद खेलकर बनाए
यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी के रिपोर्ट कार्ड पर 3 साल पहले लगी थी 'स्पेशल टैलेंट' की मुहर, कोच ने जो लिखा वो सच साबित हुआ