Vaibhav Suryavanshi: 14 साल की उम्र, 175 रन की कहानी; वैभव ने भारत को बनाया चैंपियन, CM नीतीश ने बताया भविष्य
समस्तीपुर के वैभव सूर्यवंशी ने 14 साल की उम्र में अंडर-19 विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों में 175 रन बनाकर भारत को चैंपियन बनाया। उनकी ...और पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी की सीएम नीतीश कुमार ने की सराहना। फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
अक्षय पांडेय, पटना। Vaibhav Suryavanshi: समस्तीपुर के बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी छोटी उम्र में बड़े मैच के खिलाड़ी बनकर उभरे हैं।
शुक्रवार को अंडर-19 विश्व कप के खिताबी मुकाबले में जिम्बाब्वे के हरारे क्रिकेट मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ 14 वर्षीय क्रिकेटर की 80 गेंद में 15 छक्कों और 15 चौकों की मदद से खेली गई 175 रन की पारी ने मैच को एकतरफा कर दिया।
इसके पहले आइपीएल के मंच पर 38 गेंद में 101 रन बनाकर वे विश्व क्रिकेट में छाए थे। 12 साल और 284 दिन की उम्र में रणजी ट्राफी में पदार्पण करने वाले वैभव ने अंडर-19 विश्व कप में कुल सात मुकाबले खेले, पर सबसे बड़ी पारी फाइनल के दिन आई।
टूर्नामेंट में क्रिकेटर ने तीन अर्धशतक और एक शतक लगाया। प्रतियोगिता के पहले मैच में वैभव मात्र दो रन पर पवेलियन लौट गए।
उन्होंने बल्ले से निराश किया, तो गेंद थामकर टीम के काम आए। मात्र दो गेंद फेंक उन्होंने एक विकेट ले लिया। अगले मैच में वैभव ने अर्धशतक जड़ अपनी उपयोगिता साबित की।
बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने 72 रन बना दिए। न्यूजीलैंड के विरूद्ध मैच में 40 रन बनाकर अर्धशतक से चूक गए। जिम्बाब्वे के खिलाफ 52 रन बनाकर टीम की बड़ी जीत में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। पाकिस्तान के खिलाफ 30 और अफगानिस्तान के विरूद्ध 68 रन बनाकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी।
यह भी पढ़ें- पिता ने बताई वैभव सूर्यवंशी को वीडियो दिखाने की कहानी; 1-2 रन लेने की सलाह पर 14 साल के लड़के ने दिया ये जवाब
सात मैच में बनाए 439 रन
अंडर-19 विश्वकप में वैभव का बल्ला बोल तो रहा था, पर वो पारी नहीं आ रही थी, जिसके लिए वे जाने जाते हैं। शुक्रवार को मात्र 80 गेंदों में 218 की स्ट्राइक रेट से उन्होंने 175 रन बना डाले।
खबरें और भी
इस प्रतियोगिता के सात मुकाबलों से उनके नाम सबसे अधिक 439 रन रहे। इसके पहले बड़े मुकाबलों की बात करें, तो आइपीएल 2025 में 38 गेंद में 101, अंडर-19 एशिया कप 95 गेंदों में 171, विजय हजारे ट्राफी में 84 गेंद में 190, सैयद मुश्ताक अली ट्राफी में 61 गेंद में 108 और राइजिंग स्टार्स एशिया कप में 42 गेंद में 144 रनों की पारी उन्होंने खेली है।
भारतीय क्रिकेट की नई उम्मीद हैं वैभव: मुख्यमंत्री
तूफानी पारी खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को बधाई दी। सीएम ने कहा कि अंडर-19 विश्वकप के फाइनल में भारत बनाम इंग्लैंड के बीच खेले गए मैच में प्रदेश के क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों में 175 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया।
वे अपनी मेहनत और प्रतिभा के बलबूते भारतीय क्रिकेट की एक नई उम्मीद बन गए हैं। मेरी शुभकामना है कि वैभव भविष्य में भारतीय टीम के लिए नया कीर्तिमान रचें और देश का नाम रौशन करें।
वैभव का प्रदर्शन देशभर के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। आइपीएल, अंडर-19 क्रिकेट और घरेलू प्रतियोगिता खेलकर हर स्तर पर वैभव ने यह साबित किया है कि वह बड़े मंच के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
हर्षवर्धन, अध्यक्ष बिहार क्रिकेट एसोसिएशन
सीधे तौर पर वैभव की पारी की वजह से भारत के पास अंडर-19 विश्वकप की ट्राफी आई है। 14 साल का खिलाड़ी छोटे के साथ बड़े स्तर के क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा हैं।
सौम्या राज
आज के दौर में वैभव सूर्यवंशी की तुलना किसी भी स्तर के क्रिकेटर से नहीं की जा सकती। उनके खेलने का प्रारूप ही एकदम अलग है। अब वे हर स्तर की प्रतियोगिता के लिए तैयार हैं।
शिवम नयन
आने वाले दिनों में देश की जीत में वैभव बड़े नायक बनकर उभरेंगे। 14 वर्षीय खिलाड़ी को क्रिकेट की बड़ी प्रतियोगिताओं में अभी और बड़े मुकाम हासिल करने हैं।
अदिति
वैभव की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के सामने बड़े-बड़े गेंदबाज छोटे दिखते हैं। आइपीएल में हमने उनका तूफान देखा है। भारतीय सीनियर टीम में उनके शामिल होने की प्रतीक्षा है।
साक्षी